उप जिला निर्वाचन अधिकारी त्रिभुवन ने अधिकारियों को दिए निर्देश, घर-घर सर्वे कर पात्र महिलाओं के नाम जोड़ने पर जोर
बदायूं। जनपद में महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने तथा जेंडर रेशियो को राज्य के औसत के बराबर लाने के उद्देश्य से बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी त्रिभुवन की अध्यक्षता में संबंधित नोडल अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जनपद बदायूं में जनसंख्या के अनुपात में महिला मतदाताओं का प्रतिशत पुरुष मतदाताओं की तुलना में कम है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए महिलाओं की शत-प्रतिशत भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र महिला का नाम शामिल कराया जाएगा और इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र के पोलिंग बूथ, ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर नवविवाहिताओं तथा 18 से 19 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी युवतियों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं। साथ ही घर-घर सर्वे कर छूटी हुई महिलाओं के फार्म-6 भरवाने के निर्देश भी दिए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्वीप टीम को कॉलेजों, स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को वोटर हेल्पलाइन एप और निर्वाचन आयोग के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि कामकाजी एवं शिक्षित महिलाएं घर बैठे ही अपना नाम जुड़वा सकें।
बैठक के अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, सुपरवाइजरों एवं बीएलओ को पूरी निष्ठा और तत्परता से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपद का लक्ष्य जेंडर रेशियो को राज्य के औसत के समानांतर लाना है, जिससे लोकतंत्र के महापर्व में महिलाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक वर्मा, सह प्रभारी स्वीप सरवर अली, मोहित सैनी, पंकज सक्सेना, उमैर उद्दीन, सुमित कुमार एवं प्रियंका सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat