
तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कैंपस में उतरे आने वाली फिल्म ‘वेलकम टु द जंगल‘ के स्टार्स, खिलाड़ी फेम अक्षय कुमार के संग-संग अक्षरा सिंह, दिशा पटानी और राजपाल यादव का 50 मिनट तक सिर चढ़कर बोला जादू
ख़ास बातें
कुलाधिपति श्री सुरेश जैन, जीवीसी श्री मनीष जैन, ईडी श्री अक्षत जैन, सुश्री नंदिनी जैन ने फर्स्ट टाइम आए अक्षय कुमार को बुके देकर गर्मजोशी से किया स्वागत
कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टु द जंगल‘ फिल्म में नए और पुराने करीब तीन दर्जन कलाकार, 26 जून को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
टीएमयू कैंपस के हैलीपैड पर उतरा खिलाड़ी फेम अक्षय कुमार, अक्षरा सिंह, दिशा पटानी और राजपाल यादव का उड़न खटोला
चिलचिलाती गर्मी से बेपरवाह हजारों-हजार तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के स्टुडेंट्स ने आने वाली फिल्म ‘वेलकम टु द जंगल‘ के सितारों- अक्षय कुमार, अक्षरा सिंह, दिशा पटानी और राजपाल यादव के अभिनंदन में पलक पांवड़े बिछा दिए। यूनिवर्सिटी के कैंपस में फर्स्ट टाइम आए जाने-माने अभिनेता अक्षय कुमार ने अपनी कॉमेडी फिल्म के स्टार कास्ट प्रोग्राम में साथी कलाकारों को स्टुडेंट्स से रूबरू कराया। उन्होंने पंडाल में मौजूद हजारों स्टुडेंट्स से आग्रह किया, यदि वे हंसना-मुस्कुराना चाहते हैं तो वे ‘वेलकम टु द जंगल‘ फिल्म देखने अवश्य जाएं। करीब 11ः10 बजे उनका उड़न खटोला टीएमयू के हैलीपैड पर उतरा, वहां से वे अपने को-स्टार्स के संग सीधे कुलाधिपति के आवास- संवृद्धि पहुंचे, जहां कुलाधिपति श्री सुरेश जैन, जीवीसी श्री मनीष जैन और एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर श्री अक्षत जैन ने गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्रुप फोटोग्राफी हुई, जिसमें फर्स्ट लेडी श्रीमती वीना जैन और श्रीमती ऋचा जैन भी शामिल रहीं। फिल्म प्रमोशन के लिए अक्षय कुमार के संग-संग ‘वेलकम टु द जंगल‘ के सितारे करीब 50 मिनट तक मंच पर रहे। राजपाल यादव ने अपनी संवाद अदायगी से छात्रों को न केवल गुदगुदाया, बल्कि अक्षय कुमार, अक्षरा सिंह और दिशा पटानी अपने जबर्दस्त नृत्य से स्टुडेंट्स का दिल जीतने में कामयाब रहे। नए और पुराने करीब तीन दर्जन कलाकारों से सजी यह फिल्म 26 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अंत में कुलाधिपति श्री सुरेश जैन, जीवीसी श्री मनीष जैन, श्रीमती ऋचा जैन, ईडी श्री अक्षत जैन, सुश्री नंदिनी जैन ने अभिनेता अक्षय कुमार को बुके देकर यूनिवर्सिटी आने के लिए शुक्रिया अदा किया। दूसरी ओर स्टार कास्ट कार्यक्रम में श्री अभिषेक कपूर के संग-संग प्रोग्राम कोर्डिनेटर प्रो. एमपी सिंह, प्रो. विपिन जैन, प्रो. आरके द्विवेदी, सीए श्री गौरव अग्रवाल, प्रो. मनु मिश्रा, प्रो. विनोद जैन आदि की भी उल्लेखनीय मौजूदगी रही।
मेरे शब्दकोष में रिटायर्ड वर्ड नहीं
बालीवुड के नामचीन हीरो अक्षय कुमार ने अपनी जिंदगी का फलसफा भी खोला। उन्होंने हजारों-हजार स्टुडेंट्स के हुजूम से रूबरू होते हुए कहा, मेरे जीवन में रिटायरमेंट नाम का कोई शब्द नहीं है। अपने जीवन दर्शन को साझा करते हुए बोले, हमेशा काम करते रहिए, यही मेरी ऊर्जा का सच है। मैं बेधड़क होकर काम करता हूं। उन्होंने स्टुडेंट्स से उम्मीद जताई, वे जीवन पर्यंत ऊर्जा के संग अपने लक्ष्यों में जुटे रहेंगे। यह भी खुलासा उन्होंने अपने फैन के एक सवाल के जवाब में किया।
मां-बाप की सेवा में ही जन्नत
तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के स्टुडेंट्स को सलाह दी, यदि जीवन में तरक्की चाहते हो तो माता-पिता की सेवा करो, क्योंकि इनके चरणों में ही जन्नत है। उन्होंने पर्सनल अनुभवों को साझा करते हुए कहा, यदि आप घर से बाहर भी जा रहे हैं तो भी माता-पिता का आशीर्वाद अवश्य लेकर जाएं।
हां, मैं भी जैनेज्मि का फॉलोअर हूं
जैन लेडी के सवाल के जवाब में अक्षय कुमार बोले, मेरी दिनचर्या बेहद अनुशासित है। मैं सूर्योदय से काफी पहले बिस्तर छोड़ देता हूं। शाम को जैन परंपरा के मुताबिक सूर्यास्त से पहले भोजन कर लेता हूं। जल्दी ही सो भी जाता हूं।
खिलाड़ी फेम फैंस की सेल्फी लेना नहीं भूले
‘वेलकम टु द जंगल‘ के अभिनेता अक्षय कुमार ने स्टार कास्ट के अंत में पंडाल में हजारों-हजार अपने फैंस के संग मंच से सेल्फी भी ली। इस सेल्फी में टीएमयू के कुलाधिपति श्री सुरेश जैन, जीवीसी श्री मनीष जैन, ईडी श्री अक्षत जैन, सुश्री नंदिनी जैन आदि भी कैद हुए।
बालीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और कुलाधिपति सुरेश जैन ने जीता परस्पर दिल
स्टार कास्ट का मंच दो बड़ी हस्तियों के संवाद का भी साक्षी बना। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कुलाधिपति श्री सुरेश जैन ने अक्षय कुमार से विनम्र आग्रह किया, यह यूनिवर्सिटी आपकी है। आप कैंपस में आगामी सभी फिल्मों के प्रमोशन के लिए सादर आमंत्रित हैं। आप वायदा करें, फिल्मों की स्टार कास्ट का शुभारम्भ टीएमयू से ही किया करेंगे। खिलाड़ी फेम ने तत्काल हामी भर दी, लेकिन यह कहना भी नहीं चूके, अपने हजारों-हजार इन स्टुडेंट्स से कहिएगा, वे ‘वेलकम टु द जंगल‘ फिल्म जरूर देखें। साथ ही यह भी आग्रह किया, फिल्म आपकी ओर से दिखाई जाए। कुलाधिपति श्री सुरेश जैन ने तत्काल माइक लेकर ऐलान कर दिया, हर स्टुडेंट्स के खाते में 250 रूपए क्रेडिट कर दिए जाएंगे। यह घोषणा होते ही पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट और सीटियों से गूंज उठा।
झलकियां
खिलाड़ी फेम अक्षय कुमार में भारतीय संस्कृति से लेकर आस्था तक का अदभुत संगम देखने को मिला। जैसे ही पूर्वाह्न 11ः40 बजे ‘वेलकम टु द जंगल‘ के स्टार कॉस्ट के साथ अक्षय पहुंचे तो सबसे पहले मंच को प्रणाम किया। बीच-बीच में हर हर महादेव और पार्वती पतये नमः के गगनचुंबी उद्घोष किए।
जैसे ही कॉमेडियन राजपाल यादव को पुकारा तो पंडाल ठहाकों और तालियों से गूंज उठा। इसकी एक बड़ी वजह यह भी रही, वह बरेली मंडल में शाहजहांपुर के बाशिंदे हैं। उन्होंने यह कहकर तस्दीक भी किया, वह यहां से 150 किमी दूर के रहने वाले हैं, इस नाते तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी से मेरा घर जैसा नाता है।
अक्षय कुमार ने राजपाल को यह कहते हुए इंट्रोडयूज किया, वह मेरे लिए लकी हैं। राजपाल यादव ने मेरे संग जो भी फिल्में की है सफल रही हैं। राजपाल ने कहा, 2003 में अक्षय पाजी के ‘संग मुझसे शादी‘ करोगी मेरी पहली फिल्म थी।
सवाल-जवाब के सत्र में किसी ने पूछा, पाजी के संग की गई फिल्मों में श्रेष्ठ फिल्म किसे मानते हैं? उन्होंने कहा, हेराफेरी-1। उन्होंने बिना समय गवांए कहा, हांलाकि इस फिल्म में मैं पाजी के साथ नहीं था, लेकिन मुझे हेराफेरी फिल्म बहुत भायी। साथ ही बोले, पाजी के संग की फिल्मों में भूल-भूलैया अविस्मरणीय फिल्म है।
हास्य अभिनेता राजपाल यादव का हास्य पुट मंच पर बरकरार रहा। उन्होंने अक्षय पाजी को कोलगेट कहा तो अपने आप को फ्री का छोटा कोलगेट बताया। इस हास्य व्यंग्य में खिलाड़ी फेम और मशहूर कॉमेडियन की बालीवुड केमिस्ट्री साफ-साफ दिखाई दी।
स्टार कास्ट के दौरान अक्षरा सिंह और दिशा पटानी के संग अक्षय कुमार की केमिस्ट्री देखते ही बनती थी। अक्षय कुमार ने रूबरू होने के लिए सबसे पहले अक्षरा सिंह को आमंत्रित किया। अभिनव शेखर के लिखे ‘वेलकम टु द जंगल‘ फिल्म के भोजपुरी गीत घिस-घिस पर दोनों ने जमकर लाइव नृत्य किया।
दिशा पटानी से रूबरू कराते हुए अक्षय कुमार बोले, दिशा पटानी आपकी बरेली की हैं। आने वाली अपनी फिल्म- ‘वेलकम टु द जंगल‘ के गाने- एक ऊंचा लंबा कद, दूजा सोनी की तू हद.. पर दोनों ने परफॉर्म किया। उन्होंने तीन स्टुडेंट्स को बुलाकर भी सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति से समा बांध दिया। सबने मिलकर खूब ठुमके लगाए।
Budaun Amarprabhat