तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी में TEDx TMU 2026 में सैन्य नेतृत्व, सिनेमा, स्वास्थ्य सेवा, उद्यमिता, महिला सशक्तिकरण और युवा नेतृत्व सहित विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट प्रतिभाओं ने अपने अनुभवों, संघर्षों और सफलता की कहानियों से स्टुडेंट्स को किया प्रेरित
ख़ास बातें
एयर चीफ मार्शल सेवानिवृत बीएस धनोआ बोले, युद्ध केवल हथियारों से नहीं जीते जाते, बल्कि साहस, रणनीति, विश्वास और टीम के सामूहिक प्रयास भी जरूरी
स्वयं का मूल्यांकन अपनी सोच, दृष्टिकोण और दृढ़ संकल्प के आधार पर करें, टीएमयू के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर श्री अक्षत जैन
युवा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करें, चुनौतियों को अवसर के रूप में देखें और टीम के साथ आगे बढ़ना सीखेंः रिटायर्ड एडमिरल आर. हरि कुमार कृष्णन
कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ चुनौती का सामना संभवः पूर्व मेजर मोहम्मद अली शाह
ज्म्क्ग ज्डन् से स्टुडेंट्स को मिलेगी अपने सपनों को पहचानने और साकार करने की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणाः एक्टर श्री गुलशन पांडेय
सफल उद्यम की नींव केवल एक अच्छे विचार पर नहीं, बल्कि समस्या की सही पहचान, नवाचार, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास पर आधारितः डॉ. सार्थक बख्शी
सशक्त महिला केवल अपना भविष्य नहीं बनाती, बल्कि समाज के भविष्य को भी नई दिशा देती हैः सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती सिद्धि सोमानी जोहरी

मुरादाबाद। वायुसेना प्रमुख, एयर चीफ मार्शल सेवानिवृत बी.एस. धनोआ बोले, अनुशासन केवल आदेशों का पालन करना नहीं है, बल्कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य के प्रति अडिग रहना है। शारीरिक कठिनाइयों, मानसिक दबाव और चुनौतीपूर्ण प्रशिक्षण ने उन्हें सिखाया, नेतृत्व पद से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने के साहस से पैदा होता है। वर्ष 1999 का कारगिल युद्ध मेरे सैन्य जीवन की सबसे चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में से एक था। मैं भारतीय वायुसेना की अग्रिम पंक्ति की नंबर 17 स्क्वाड्रन (गोल्डन ऐरोस) का नेतृत्व कर रहा था। हमारे सामने ऊंचे पहाड़, अत्यंत कठिन भौगोलिक परिस्थितियां और दुश्मन की चुनौतियां थीं। एक सैनिक और एक सैन्य नेतृत्वकर्ता की असली पहचान यही है, वह चुनौतियों के बावजूद अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटता है। हर मिशन में तैयारी, टीमवर्क, तकनीकी दक्षता और सही समय पर लिया गया निर्णय बेहद महत्वपूर्ण था। कारगिल के उन अनुभवों ने उन्हें एक महत्वपूर्ण सबक दिया, युद्ध केवल हथियारों से नहीं जीते जाते, बल्कि साहस, रणनीति, विश्वास और टीम के सामूहिक प्रयास से जीते जाते हैं। आज जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं, तो मुझे महसूस होता है कि जीवन का हर प्रशिक्षण, हर चुनौती और हर कठिन परिस्थिति हमें आने वाली बड़ी जिम्मेदारियों के लिए तैयार करती है। मैं आज के युवाओं से यही कहना चाहूंगा कि अपने सपनों को बड़ा रखिए, अनुशासन को अपनी ताकत बनाइए और असफलताओं से घबराइए मत। पूर्व एयर चीफ मार्शल तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के ऑडी में आयोजित TEDx TMU2026 में बतौर ख़ास मेहमान बोल रहे थे। TEDx TMU में रिटायर्ड एडमिरल आर. हरि कुमार कृष्णन, भारतीय सेना के पूर्व अधिकारी एवम् अभिनेता मेजर मोहम्मद अली शाह, क्राइम पेट्रोल में पुलिस अधिकारी के प्रभावशाली किरदारों से विशेष पहचान बनाने वाले श्री गुलशन पांडेय, हेल्थकेयर उद्यमी, एंजेल निवेशक और फोर्ब्स 30 अंडर 30 एशिया से सम्मानित डॉ. सार्थक बख्शी, मिस इंडिया इंटरनेशनल 2019 और मिस ग्लेक्सी क्वीन इंडिया सरीखे खिताबों से सम्मानित, क्लिनिकल बायोकेमिस्ट, उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती सिद्धि सोमानी जोहरी के संग-संग वीसी प्रो. वीके जैन, डीन अकेडमिक्स प्रो. मंजुला जैन आदि की भी उल्लेखनीय मौजूदगी रही। इससे पूर्व इन अतिथियों की गरिमामयी मौजूदगी में रंग-बिरंगे गुब्बारे और शांति के प्रतीक कबूतर उड़ाकर कॉलेज ऑफ नर्सिंग के ब्रहममहोत्सव का भी पवेलियन में शंखनाद किया। इससे पूर्व दीप प्रज्ज्वलन के संग कार्यक्रम का शंखनाद हुआ। इस मौके पर टीएमयू के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर श्री अक्षत जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही। TEDx TMU के प्रारम्भ होने से पूर्व सभी मेहमानों ने कुलाधिपति श्री सुरेश जैन और जीवीसी श्री मनीष जैन से शिष्टाचार भेंट की।

टीएमयू के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर श्री अक्षत जैन ने कहा, हर अनिश्चितता से भरे व्यक्ति के भीतर एक सपना होता है। कई बार व्यक्ति स्वयं भी अपने सपनों को पूरी तरह समझ नहीं पाता। आपके विचार महत्वपूर्ण हैं। आपके सवाल भी महत्वपूर्ण हैं। आपकी महत्वाकांक्षाएँ महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने युवाओं को सलाह दी, अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए किसी की अनुमति का इंतजार न करें। TEDx TMU में शिरकत करने आए मेहमानों को लेकर बोले, ये अनुकरणीय हस्तियां हैं, जो बड़े व्यवसाय खड़े कर चुके हैं। पर्दे पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। ऐसे शोध कर चुके हैं, जिनके माध्यम से उन्होंने उन चुनौतियों पर विजय प्राप्त की है, जो कभी असंभव प्रतीत होती थीं। साथ ही स्टुडेंट्स को ताकीद किया, वे अपनी तुलना दूसरों की उपलब्धियों और पदवियों से न करें। स्वयं का मूल्यांकन अपनी सोच, दृष्टिकोण और दृढ़ संकल्प के आधार पर करें। मंच पर मौजूद प्रत्येक व्यक्ति कभी एक विद्यार्थी था। हर स्टुडेंट ने अपने जीवन में अनिश्चितताओं और चुनौतियों का सामना किया है।TEDx एक ऐसा मंच है, जो विचारों को नई दिशा देने और लोगों को प्रेरित करने की क्षमता रखता है। आज हम ऐसे वक्ताओं के विचारों और अनुभवों को संजीदगी से सुनेंगे। इसमें मीडिया, कला और कहानी कहने की कला जैसे विषय शामिल हैं। यह मंच अपने विचारों, अनुभवों और रचनात्मकता को साझा करने का अवसर प्रदान करता है। आज के वक्ताओं की कहानियाँ हमें यह समझाती हैं, नेतृत्व केवल शक्ति या पद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रेरणा, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का भी प्रतीक है।TEDx में प्रस्तुत विचार लोगों को अपने आसपास की दुनिया को एक अलग नजरिये से देखने, सोचने और आत्ममंथन करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। ज्म्क्ग एक महत्वपूर्ण आयोजन है। साथ ही बोले, शिक्षा का उद्देश्य केवल छात्रों को तैयार करना नहीं है, बल्कि उन्हें बेहतर इंसान बनाने के लिए भी है।

रिटायर्ड एडमिरल आर. हरि कुमार कृष्णन बोले, समुद्र की विशाल लहरों के बीच जब कोई युद्धपोत आगे बढ़ता है, तब कमांडर की जिम्मेदारी केवल जहाज को दिशा देना नहीं होती, बल्कि उस पर सवार प्रत्येक अधिकारी और नाविक के जीवन, राष्ट्र की समुद्री सुरक्षा और मिशन की सफलता सुनिश्चित करना भी होती है। ऐसे समय में नेतृत्व, अनुशासन, धैर्य और सही निर्णय लेने की क्षमता की वास्तविक परीक्षा होती है। उनके कार्यकाल में स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत का नौसेना में कमीशन होना भारत की आत्मनिर्भरता और समुद्री सामर्थ्य की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि रही है। किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति केवल उसके संसाधनों में नहीं, बल्कि उसके लोगों के आत्मविश्वास, सामूहिक प्रयास और नेतृत्व की दूरदर्शिता में निहित होती है। उन्होंने युवाओं से कहा, जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करें, चुनौतियों को अवसर के रूप में देखें और टीम के साथ आगे बढ़ना सीखें, क्योंकि एक अच्छा नेतृत्वकर्ता वह नहीं होता, जो केवल स्वयं आगे बढ़े, बल्कि वह होता है, जो अपने साथ पूरी टीम को सफलता की ओर लेकर चले। समुद्र की गहराई हो या जीवन की चुनौतियां, सफलता उन्हीं को मिलती है, जिनका संकल्प अडिग और दृष्टिकोण दूरदर्शी होता है।
भारतीय सेना के पूर्व अधिकारी एवम् अभिनेता मेजर मोहम्मद अली शाह ने पूछा, कभी आपने सोचा है, एक सैनिक के जीवन में सबसे बड़ी चुनौती क्या होती है? केवल सीमा पर दुश्मन का सामना करना या हर परिस्थिति में अपने कर्तव्य और संकल्प पर अडिग रहना? भारतीय सेना में रहते हुए उन्होंने एलओसी और पूर्वोत्तर भारत जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में सेवा की है। वर्ष 2003 से 2008 तक सेना की आर्टिलरी रेजिमेंट और असम राइफल्स में कार्य करते हुए अनुशासन, साहस और टीम भावना का महत्व करीब से अनुभव किया। सेना से जुड़ी चुनौतियों और अनुभवों ने मेरे जीवन को नई दिशा दी। इसके बाद अभिनय और मीडिया के क्षेत्र में भी काम करने का अवसर मिला। हैदर, एजेंट विनोद, यारा जैसी फिल्मों और अवरोध जैसी वेब सीरीज के माध्यम से मैंने अपनी एक अलग पहचान बनाई। आज TEDx TMU के मंच से मैं अपने अनुभव साझा करना चाहता हूं, जीवन में परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन हों, आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ हर चुनौती का सामना किया जा सकता है। याद रखिए असली जीत केवल मंजिल हासिल करना नहीं, बल्कि हर चुनौती से सीखते हुए आगे बढ़ना है।
क्राइम पेट्रोल में पुलिस अधिकारी के प्रभावशाली किरदारों से विशेष पहचान बनाने वाले श्री गुलशन पांडेय ने स्टुडेंट्स के संग अपने अनुभवों, चुनौतियों और अब तक के सफर को साझा किया। गुलशन पांडेय वांटेड, पीके, वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई दोबारा, मांझीः द माउंटेन मैन और गुंजन सक्सेनाः द कारगिल गर्ल सरीखी फिल्मों में काम कर चुके हैं। वर्ष 2026 की आध्यात्मिक फिल्म हनुमान अंश में भी उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए अभिनय के क्षेत्र में निरंतर सीखने, कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और धैर्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने अनुभवों से बताया, सफलता के लिए प्रतिभा के साथ अनुशासन, समर्पण और लगातार प्रयास करना भी आवश्यक है। TEDx TMU का यह सत्र स्टुडेंट्स को अपने सपनों को पहचानने और उन्हें साकार करने की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाला है।
हेल्थकेयर उद्यमी, एंजेल निवेशक और फोर्ब्स 30 अंडर 30 एशिया से सम्मानित डॉ. सार्थक बख्शी ने स्टुडेंट्स के संग उद्यमिता, नवाचार और स्टार्टअप निर्माण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। रिसा आईवीएस के संस्थापक एवम् सीईओ और नियोस एंजल्स के सह-संस्थापक डॉ. बख्शी ने प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, हेल्थकेयर क्षेत्र में तकनीकी नवाचार और नए उद्यमों को प्रोत्साहित करने के अपने सफर पर प्रकाश डाला। वह 30 से अधिक स्टार्टअप में निवेश एवम् मार्गदर्शन से भी जुड़े हैं। उन्होंने बताया, किसी भी सफल उद्यम की नींव केवल एक अच्छे विचार पर नहीं, बल्कि समस्या की सही पहचान, नवाचार, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास पर आधारित होती है। उन्होंने युवाओं को नए विचारों के साथ आगे आने, जोखिमों से सीखने और समाज की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर उद्यम विकसित करने के लिए प्रेरित किया। मिस इंडिया इंटरनेशनल 2019 और मिस ग्लेक्सी क्वीन इंडिया सरीखे खिताबों से सम्मानित, क्लिनिकल बायोकेमिस्ट, उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती सिद्धि सोमानी जोहरी ने महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक बदलाव के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। नारी प्रोजेक्ट की सह-संस्थापक और सार्क यूथ काउंसिल के इंडिया चैप्टर की अध्यक्ष के रूप में वह महिला नेतृत्व और युवा सहभागिता को बढ़ावा देने से जुड़ी हैं। उन्होंने अपने संबोधन में आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी को व्यक्तिगत सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने युवाओं, विशेषकर महिलाओं को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने, रूढ़ियों से आगे बढ़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। उनका मानना है, सशक्त महिला केवल अपना भविष्य नहीं बनाती, बल्कि समाज के भविष्य को भी नई दिशा देती है। कार्यक्रम में प्रो. सुशील कुमार सिंह, प्रो. एसपी सुभाषिनी, असिस्टेंट डायरेक्टर अकेडमिक्स डॉ. नेहा आनन्द, डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. वरुण कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा, डॉ. महेश सिंह, डॉ. नीलम चौहान, डॉ. नम्रता जैन के संग-संग एग्रीकल्चर कॉलेज, फिजियोथेरेपी, फार्मेसी, टिमिट नर्सिंग कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, सीसीएसआईटी, डेंटल कॉलेज की फैकल्टीज़ और स्टुडेंट्स आदि मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat