तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में एआईआर राइजिंग स्टार्स सीजन- 01 के सुरमयी मंच पर युवा कलाकारों ने बांधा समा, प्रस्तुतियों पर सर्वाधिक व्यूज प्राप्त करने वाले प्रथम तीन कलाकार होंगे पुरस्कृत
मुरादाबाद। युवा संगीत प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने और उन्हें अपनी कला के प्रदर्शन के लिए व्यापक मंच उपलब्ध कराने की दिशा में आकाशवाणी रामपुर की ओर से तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के ऑडिटोरियम में आकाशवाणी युवा संगीत सम्मेलन- एआईआर राइजिंग स्टार्स सीजन- 01 हुआ। टीएमयू में हुए इस सुरमयी महफिल में शास्त्रीय संगीत, गजल, लोकगीत और कव्वाली की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सम्मेलन की खासियत यह रही कि इसमें शामिल सभी कलाकार 30 वर्ष से कम आयु के थे, जबकि आमंत्रित श्रोता भी युवा वर्ग से थे। इससे पूर्व पद्मश्री श्री चिरंजी लाल यादव और डीन स्टुडेंट्स वेलफेयर प्रो. एमपी सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सम्मेलन में युवा कलाकारों ने भारतीय संगीत की विविध विधाओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत की समृद्धि का शानदार परिचय दिया। शास्त्रीय संगीत गायन में युवा कलाकार सिद्धार्थ नेगी ने अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं को सुरों की शास्त्रीय परंपरा से रूबरू कराया। उनके साथ बांसुरी पर नवोदित कलाकार संगम और तबले पर लकी वर्मा ने संगत की। रामपुर-सहसवान घराने की गजल परंपरा का प्रतिनिधित्व करते हुए अरीब खान नियाजी ने अपनी दिलकश गजलों से महफिल में समां बांध दिया। लोक संगीत की विविध रंगत को कनक सक्सेना, अनुकृति और तरुणा जोगेश ने संयुक्त रूप से प्रस्तुत किया। उनके साथ ढोलक पर अश्वनी कुमार और कीबोर्ड पर अखिलेश कुमार ने संगत की। रामपुर की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और संगीत विरासत की महत्वपूर्ण विधा कव्वाली को हसनैन नियाजी और उनके साथी कलाकारों ने प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया। संचालन शीरीन और कशिका ने किया।
सम्मेलन की एक बड़ी विशेषता इसका बहुआयामी प्रसारण और डिजिटल मंच से जुड़ाव रहा। कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग दूरदर्शन की ओर से की गई, जिसका प्रसारण राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रमुख कलाकारों की प्रस्तुतियों के अंश यूट्यूब पर भी अपलोड किए जाएंगे। इन प्रस्तुतियों पर सर्वाधिक व्यूज प्राप्त करने वाले प्रथम तीन कलाकारों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस पहल से युवा कलाकारों को मंचीय प्रस्तुति के साथ डिजिटल माध्यम पर अपनी प्रतिभा और पहचान स्थापित करने का भी अवसर मिलेगा। आकाशवाणी रामपुर के कार्यक्रम अधिशासी (संगीत) श्री विक्रांत चौधरी और कार्यक्रम प्रमुख श्री अवधेश कुमार गौतम ने कहा, युवा पीढ़ी में संगीत के प्रति रुचि विकसित करने, भारतीय संगीत की विविध विधाओं को प्रोत्साहित करने और उभरती प्रतिभाओं को व्यापक पहचान दिलाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। देशभर के चुनिंदा 26 आकाशवाणी केंद्रों पर 30 नवंबर तक एआईआर राइजिंग स्टार्स सीज-01 का आयोजन होगा। वरिष्ठ उद्घोषक श्री असीम सक्सेना ने कहा, शास्त्रीय गायन, रामपुर-सहसवान घराने की गजल परंपरा, लोक संगीत और कव्वाली जैसी समृद्ध विधाओं को एक मंच पर युवा कलाकारों और युवा श्रोताओं से जोड़ना दूरदर्शी पहल है। रेडियो के साथ दूरदर्शन और यूट्यूब सरीखे डिजिटल माध्यमों का जुड़ाव इन उभरती प्रतिभाओं को व्यापक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Budaun Amarprabhat