Breaking News

बसियानी में स्कूल मार्ग पर कीचड़ व गंदगी से परेशान ग्रामीण, डीएम से कार्रवाई की मांग

Spread the love

बदायूं। अलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम बसियानी में विद्यालय जाने वाले मुख्य रास्ते पर व्याप्त गंदगी और भारी कीचड़ से स्कूली बच्चों, शिक्षकों तथा ग्रामीणों का निकलना दूभर हो गया है। इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय निवासी अक्षय कुमार यादव एडवोकेट ने जिलाधिकारी बदायूं को प्रार्थना पत्र सौंपकर तत्काल सफाई, जल निकासी व्यवस्था और लापरवाह जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि गांव के विद्यालय को जाने वाले मुख्य मार्ग पर लंबे समय से गंदा पानी और कीचड़ जमा है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से रास्ते पर हर समय जलभराव बना रहता है, जिससे छोटे बच्चों और राहगीरों के फिसलकर चोटिल होने या किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। गंदगी के कारण गांव में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि गांव में तैनात सफाई कर्मचारी नियमित रूप से सफाई करने नहीं आता है। इस संबंध में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
अक्षय कुमार यादव एडवोकेट ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मौके का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराकर रास्ते की सफाई व जल निकासी कराई जाए। साथ ही कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले सफाई कर्मचारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई तथा शिकायतों की अनदेखी करने वाले ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी की जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

आकाश तोमर बने भारतीय किसान यूनियन के जिला मीडिया प्रभारी

Spread the loveबदायूँ। भारतीय किसान यूनियन ने संगठन में आकाश तोमर को जिला मीडिया प्रभारी …