सवाद दाता…. काजल मिश्रा
*पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ – “एक पेड़ मां के नाम 2.0” वृक्षारोपण महाअभियान, 2025 के अंतर्गत जनपद में हुआ वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम*
*मुख्य अतिथि ने हरिशंकरी और छायादार, फलदार पौधों का किया रोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*
शाहजहांपुर 9 जुलाई, 2025। आज दिनांक 9 जुलाई 2025 को पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु संतुलन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए “एक पेड़ मां के नाम 2.0” महाअभियान, 2025 के अंतर्गत प्रदेश भर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में इस अभियान का लक्ष्य एक ही दिन में 37 करोड़ पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया, जिसमें प्रदेश के 26 राजकीय विभागों एवं लगभग 25 करोड़ नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की गई।
इसी क्रम में जनपद में भी वृहद स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना रहे। उत्तर प्रदेश शासन की महिला कल्याण विभाग की सचिव एवं जनपद की नोडल अधिकारी श्रीमती बी. चंद्रकला, महापौर अर्चना वर्मा, एमएलसी सुधीर गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, सहकारिता बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर, भाजपा नगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त डॉ विपिन कुमार मिश्र, सीडीओ डॉ0 अपराजिता सिंह, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह एवं सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में पीपल घाट एवं राई खेड़ा में वृक्षारोपण किया गया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्थानों पर भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जनपद को कुल 56,76,400 पौधारोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें से वन विभाग को 12,60,000 पौधों का तथा अन्य विभागों को 44,16,400 पौधों का लक्ष्य आवंटित किया गया है। इस अभियान के तहत आज सेना भूमि कैंट क्षेत्र (भाग 2) पीपल घाट पर पीपल, बरगद, पकड़, जैसे हरिशंकरी छायादार एवं फलदार कुल 3,200 पौधे रोपित किए गए। साथ ही नगर निगम द्वारा ग्राम राई खेड़ा स्थित ऑक्सीवन में 12,500 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में ग्लोबल वार्मिंग से निपटने के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश में 37 करोड़ पौधे लगाकर पर्यावरण संतुलन को सुधारने का जो लक्ष्य निर्धारित किया है, वह अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने बताया कि जब से योगी जी की सरकार बनी है, तब से अब तक प्रदेश में 204 करोड़ 92 लाख पेड़ लगाए जा चुके हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज पूरे प्रदेश में हरियाली लाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण हो रहा है।
उन्होंने सभी से अपील की कि वृक्षारोपण अभियान में आवश्यक सहयोग करें। यह एक राष्ट्रीय कार्यक्रम है जो मन को संतोष और गर्व की अनुभूति कराता है। इस कार्यक्रम से आने वाली भावी पीढ़ियां भी लाभान्वित होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि समय-समय पर एयर क्वालिटी इंडेक्स की जो समस्याएं उत्पन्न होती हैं, उनका समाधान भी वृक्षारोपण के माध्यम से ही संभव है।
मुख्य अतिथि ने कहा कि यदि सुरक्षा प्रबंधों के साथ वृक्षारोपण किया जाए तो निश्चित रूप से पर्यावरण संतुलन सामान्य होगा। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण कार्यक्रम में जिन विभागों को जो भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, उन्हें उसे अक्षरशः निभाना चाहिए और प्रयास करना चाहिए कि निर्धारित लक्ष्य से 10 प्रतिशत अधिक वृक्षारोपण किया जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि वृक्षारोपण से न केवल हरियाली और छाया प्राप्त होती है, बल्कि यह हमें शुद्ध प्राणवायु भी प्रदान करता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जो केंद्रीय करों में हमें हिस्सा प्राप्त होता है, उसमें वनीकरण (वृक्षारोपण) की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
मुख्य अतिथि ने सुझाव दिया कि वृक्षारोपण कार्यक्रम को एक पर्व या त्योहार की तरह मनाया जाए और परिवार के सभी लोगों को इसमें भागीदार बनाया जाए। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक क्षेत्र के लोगों को प्रदेश के विकास, ग्लोबल वार्मिंग की चुनौती से निपटने, एयर क्वालिटी बनाए रखने और पर्यावरण संतुलन हेतु वृक्षारोपण में भाग लेना चाहिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह वृहद वृक्षारोपण केवल एक दिवसीय गतिविधि न होकर एक व्यापक और चरणबद्ध अभियान है, जिसके अंतर्गत आगामी 10 जुलाई को जनपद के सभी अमृत सरोवरों, 11 जुलाई को विद्यालय परिसरों तथा 12 जुलाई को भैंसी नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा।
जनपद प्रशासन इस अभियान को मात्र औपचारिकता न मानते हुए उसे एक जनांदोलन के रूप में परिवर्तित करने हेतु प्रतिबद्ध है। वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं देखरेख के लिए संबंधित विभागों को जिओ टैगिंग एवं नियमित निगरानी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है, ताकि हर रोपित पौधा भविष्य में वटवृक्ष बन सके।
—
Budaun Amarprabhat