राहुल मौर्य
रामपुर। रविवार सुबह को बिजनौर जिले के हल्दौर क्षेत्र में सड़क हादसे में मिलक नगर मोहल्ला नसीराबाद निवासी 42 वर्षीय सनी उर्फ सुरेंद्र कुमार की मौत हो गई। उनकी पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में पिकअप चालक और सनी के दोस्त जीतू सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसा सुबह लगभग 5 बजे हुआ, जब सनी अपने दोस्त जीतू के साथ सहारनपुर से माल लेकर मिलक लौट रहे थे। मृतक के भाई लखन ने बताया कि जीतू मिलक नगर में मुर्गी फार्म का कारोबार करते हैं ।और सनी उनके व्यापार में साझेदार थे। शनिवार दोपहर दोनों माल लेने के लिए पिकअप से सहारनपुर गए थे। वापसी के दौरान अचानक पिकअप के सामने एक बाइक आ गई। उसे बचाने के प्रयास में पिकअप अनियंत्रित हो गई और सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। मृतक सनी के परिवार में उनकी पत्नी, तीन पुत्रियां और एक तीन वर्ष का बेटा है। परिजनों ने बताया कि वर्ष 2021 में भी सनी एक गंभीर सड़क हादसे का शिकार हुए थे, हालांकि उस समय उनकी जान बच गई थी। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। सूचना पाकर सनी के पिता जगदीश सरन और भाई जयपाल सिंह सुबह करीब 7 बजे बिजनौर के लिए रवाना हो गए थे। हल्दौर कोतवाली पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। इधर, नगर में हादसे की खबर फैलते ही मृतक के घर पर रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों का तांता लग गया है। पूरे मोहल्ले में शोक व्याप्त है।
Budaun Amarprabhat