Breaking News

दातागंज में नोएडा विधायक पंकज सिंह ने किया महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण, 6 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात

Spread the love

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के सुपुत्र व विधायक पंकज सिंह का भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- कुछ पार्टियों की ‘मोहब्बत की दुकान’ सिर्फ मुगलों और बाबर के लिए खुलती है
इंडी गठबंधन पहले भी टूटा था और आगे भी टूटेगा, देश-प्रदेश की जनता मोदी-योगी के साथ
दातागंज। जनपद के दातागंज कस्बे में उस वक्त सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई, जब देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के सुपुत्र और नोएडा से भाजपा विधायक पंकज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। दातागंज पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने पंकज सिंह का ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के साथ ऐतिहासिक व जोरदार स्वागत किया।
विधायक पंकज सिंह ने दातागंज के प्रमुख चौराहे पर राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का विधि-विधान से अनावरण किया। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देते हुए करीब 6 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इस गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान दातागंज से भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह बब्बू भैया, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता सहित जिले के तमाम वरिष्ठ भाजपा नेता और भारी संख्या में जनसैलाब मौजूद रहा।
प्रतिमा अनावरण के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक पंकज सिंह ने महाराणा प्रताप के गौरवशाली इतिहास, शौर्य और उनकी जीवन शैली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप सिर्फ एक राजा नहीं, बल्कि स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और विपरीत परिस्थितियों में भी न झुकने के सबसे बड़े प्रतीक हैं। उनका जीवन हर भारतीय को देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा देता है। मंच से पंकज सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार द्वारा आमजन के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति के बारे में भी जनता को विस्तार से जानकारी दी।
कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए पंकज सिंह ने मंच से कहा कि आजकल कुछ लोग ‘मोहब्बत की दुकान’ खोलने का दावा करते हैं, लेकिन असलियत यह है कि इन पार्टियों की ‘मोहब्बत की दुकान’ सिर्फ मुगलों और बाबर जैसे आक्रांताओं के लिए ही खुलती है। देश की संस्कृति और नायकों से इनका कोई सरोकार नहीं है।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से औपचारिक बातचीत करते हुए पंकज सिंह ने विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों और विपक्षी एकजुटता पर करारा तंज कसा। उन्होंने ‘कॉकरोच पार्टी’ के संदर्भ में कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को विरोध करने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन जनता सब जानती है। विपक्ष के ‘इंडिया गठबंधन’ पर बोलते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा, “यह स्वार्थ का गठबंधन है, जो पहले भी टूटा है और आगे भी फिर टूटेगा। मैं इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहता, क्योंकि देश और प्रदेश की तस्वीर साफ है। देश की जनता केंद्र में मोदी जी के साथ है और उत्तर प्रदेश की जनता पूरी मजबूती से योगी जी की नीतियों के साथ खड़ी है।”
दातागंज के इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह, विधायक हरीश शाक्य, भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव गुप्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और सैकड़ों की संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं प्रबुद्ध वर्ग के लोग उपस्थित रहे।
क्षेत्रवासियों को महाराणा प्रताप की प्रतिमा के रूप में सांस्कृतिक धरोहर मिलने के साथ ही, विधायक पंकज सिंह के हाथों 6 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने से दातागंज और आस-पास के ग्रामीण इलाकों के विकास को नया बल मिलेगा।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

कोतवाली पुलिस ने नगर में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का एहसास कराया

Spread the loveबिसौली। कोतवाली पुलिस ने नगर में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का …

error: Content is protected !!