राहुल मौर्य
मसवासी (रामपुर)। चौकी क्षेत्र के गांव सीतारामपुर में दिनदहाड़े चोरों ने एक किसान के सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
रविवार को गांव सीतारामपुर निवासी रामप्रसाद सैनी अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर खेत पर काम करने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर घर में प्रवेश कर लिया। चोरों ने घर के अंदर रखे संदूक और अलमारी के ताले भी तोड़ दिए तथा उनमें रखी करीब दस हजार रुपये की नकदी के अलावा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
चोरी के दौरान चोरों ने घर का सामान भी बिखेर दिया। दोपहर बाद जब परिवार खेत से वापस लौटा तो मकान के टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
गृहस्वामी ने पहले डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
Budaun Amarprabhat