सपा का संकल्प: वरिष्ठ नेता शोबी बोले—सपा सरकार आने पर माफ होंगे किसानों के कर्ज, हर वर्ग को मिलेगा न्याय
बदायूं। समाजवादी पार्टी ने ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले के तहत वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पूरे प्रदेश में चलाई जा रही पंचायतों के तहत बदायूं विधानसभा के ग्राम पंचायत बल्लिया में एक ‘पीडीए पंचायत’ का भव्य आयोजन किया गया। वरिष्ठ सपा नेता फखरे अहमद शोबी के नेतृत्व में आयोजित इस पंचायत में सभी समाजों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने मुख्य अतिथि फखरे अहमद शोबी को संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत किया।
मुख्य अतिथि फखरे अहमद शोबी ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और समाज के हर वंचित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। हमारा एकमात्र लक्ष्य विकास, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना है, ताकि प्रदेश का हर नागरिक सम्मान और समान अवसर के साथ आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुनः प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना हमारा पहला लक्ष्य है। अखिलेश यादव आज दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, मजदूर और किसानों की मजबूत आवाज बनकर हर मुद्दे पर जनता के साथ खड़े हैं। शोबी ने बड़ा एलान करते हुए कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनते ही किसानों के सारे कर्ज माफ किए जाएंगे।
पंचायत में वरिष्ठ नेता मोद प्रकाश पाल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन आमिर सुल्तानी ने किया। इस अवसर पर घलेन्द्र सिंह, गजराज सिंह सागर, हीरा लाल सागर, वेद राम बाल्मीकि, कल्लन खां, राजेंद्र पाली, राम मोहन सिंह, राजाराम दिवाकर, हेमेन्द्र सिंह, राम बाबू सागर सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat