‘
बदायूं। सर सैयद इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज, बदायूं एवं जामिया हमदर्द स्किल एंड वोकेशनल सेंटर, बदायूं के
संयुक्त तत्वावधान में “The Need of Paramedical Education: Career Opportunities and Future Prospects in Healthcare” विषय पर एक भव्य सेमिनार का आयोजन किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में जिले के शिक्षाविदों, चिकित्सा विशेषज्ञों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीलीभीत के डिप्टी सीएमओ डॉ. फिरासत हुसैन अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था में प्रशिक्षित पैरामेडिकल प्रोफेशनल्स की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ योग्य एवं कुशल स्टाफ की मांग भी तेजी से बढ़ी है। उन्होंने युवाओं से कौशल आधारित शिक्षा अपनाकर स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया और इस तरह के आयोजनों के लिए संस्थान की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि एएनए फार्मेसी कॉलेज, बरेली के प्रिंसिपल डॉ. मुस्तकीम अब्दुल्ला ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण पैरामेडिकल शिक्षा समय की सबसे बड़ी मांग है। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। संस्थान के डायरेक्टर डॉ. शकील अहमद ने संस्थान द्वारा संचालित मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी, एक्स-रे, ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, डायलिसिस, ऑप्टोमेट्री, फिजियोथेरेपी, इमरजेंसी एवं ट्रॉमा केयर जैसे कोर्सों की जानकारी देते हुए बताया कि इन क्षेत्रों में रोजगार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
विशेष अतिथि सलमान अहमद ने पैरामेडिकल को मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम बताया, वहीं नूरुस्सबा नक़वी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह क्षेत्र महिलाओं को सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर करियर प्रदान करता है। प्रोफेसर अफ़रोज़ खान ने तकनीकी शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण के समन्वय पर जोर दिया। साजिद ठेकेदार और उसमान गनी ने भी विचार व्यक्त करते हुए पैरामेडिकल सेक्टर को देश के विकास और युवाओं को नई दिशा देने वाला बताया। डॉ. खालिद नदीम ने कहा कि डॉक्टर के साथ प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ किसी भी स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ होता है।
कार्यक्रम का सफल संचालन अकील खान ने अपनी विशिष्ट शैली में किया। अंत में डॉ. राबिया शकील ने मुख्य अतिथि समेत सभी आगंतुकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे करियर-ओरिएंटेड कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर डॉ. खुर्रम, अमीर सुल्तानी, नाज़िम सईद, जोहिब, सलमान कफील, नदीम, आरिफ फरीदी सहित अनेक गणमान्य नागरिक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सेमिनार का समापन देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।
Budaun Amarprabhat