विज्ञान जागरूकता, करियर मार्गदर्शन और साइबर सुरक्षा पर विद्यार्थियों को दी गई जानकारी
कहरपुरवा, गोल्हौरा (सिद्धार्थनगर)। पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर कासिम इंटर कॉलेज में विज्ञान जागरूकता, करियर मार्गदर्शन और साइबर सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। डे एंड नाइट स्पेस फाउंडेशन और थाना शिवनगर डिड़ई पुलिस के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विज्ञान, अंतरिक्ष तकनीक और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सुरक्षित सोलर फिल्टर और सोलर बबल तकनीक की मदद से सूर्य का अवलोकन किया। उन्हें खगोल विज्ञान की जानकारी देने के साथ सूर्य को देखते समय आंखों की सुरक्षा के महत्व के बारे में भी बताया गया। इस गतिविधि से विद्यार्थियों को विज्ञान को प्रयोगों और प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से समझने का अवसर मिला।
डॉ. कलाम के जीवन और वैज्ञानिक योगदान पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करने, नियमित अध्ययन करने और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान, रॉकेट तकनीक, उपग्रह, खगोल विज्ञान और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े करियर विकल्पों की जानकारी भी दी गई।
थाना शिवनगर डिड़ई पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्हें व्यक्तिगत जानकारी और पासवर्ड सुरक्षित रखने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा संदिग्ध संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साइबर धोखाधड़ी होने पर उचित सहायता लेने के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधक मोहम्मद सोहब, प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण मौजूद रहे। डे एंड नाइट स्पेस फाउंडेशन की ओर से समन्वयक राज नारायण और आदर्श मणि ने गतिविधियों के संचालन में सहयोग किया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजय राय, उपनिरीक्षक चंद्रशेखर यादव, महिला हेड कांस्टेबल नीलम शुक्ला, कांस्टेबल बृजेश यादव, जगदीश प्रजापति, गुड्डू यादव, पंकज राम, विकास कुमार तथा महिला कांस्टेबल प्रतिमा दूबे, रोशनी शुक्ला और शिवानी शामिल रहीं।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने, भविष्य के करियर को लेकर जागरूक रहने और डिजिटल माध्यमों का जिम्मेदारी से उपयोग करने का संदेश दिया गया।
Budaun Amarprabhat