दो महिलाओं में खून की कमी मिलने पर दिया गया आयरन सुक्रोज इंजेक्शन, 26 महिलाओं को अल्ट्रासाउंड की सलाह
सैदपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान 33 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच में दो महिलाओं में खून की कमी पाई गई, जिन्हें आयरन सुक्रोज का इंजेक्शन दिया गया।
अभियान के दौरान महिलाओं की रक्त जांच के साथ मलेरिया, ब्लड प्रेशर, पल्स, पीलिया, शुगर, एनीमिया और बुखार आदि की जांच की गई। इसके अलावा 26 गर्भवती महिलाओं को निशुल्क अल्ट्रासाउंड कराने के लिए लिखा गया। चिकित्सकों ने महिलाओं को आयरन और कैल्शियम की गोलियां समय पर लेने की सलाह दी।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन वर्मा ने बताया कि गर्भावस्था का पता लगते ही महिलाओं को अस्पताल पहुंचकर प्रसवपूर्व जांच (एएनसी) करानी चाहिए। इससे शुरुआती अवस्था में ही किसी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या का पता लगाकर समय पर उपचार किया जा सकता है।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और चिकित्सकों की सलाह का पालन करने की अपील की।
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन वर्मा, मधुलिका, नाजिया सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat