बदायूँ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और वांछित व वारंटी अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत जनपद की विभिन्न थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से अवैध शस्त्र के साथ 2 अभियुक्तों को और 2 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
थाना कुंवरगाँव पुलिस ने चेकिंग के दौरान अभियुक्त जुगेन्द्र पाल पुत्र रामौतार (निवासी ग्राम गुरुईया, थाना कुंवरगाँव) को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से एक 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने धारा 3/25(1-B)(a) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। वहीं, थाना उघैती पुलिस ने अवैध शस्त्र के मामले में अभियुक्त हंसराज पुत्र मानसिंह (निवासी पंचवटी कालोनी, थाना बहजोई, जनपद सम्भल) को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की।
इसके अतिरिक्त, न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में थाना हजरतपुर पुलिस ने दो वारंटी अभियुक्तों को दबोचने में सफलता प्राप्त की। पकड़े गए वारंटियों में सिबोध यादव पुत्र राजपाल यादव (निवासी ग्राम जमालपुर) तथा राजकुमार पुत्र मोरपाल (निवासी ग्राम हजरतपुर) शामिल हैं। दोनों वारंटी लंबे समय से गैरहाजिर चल रहे थे, जिन्हें विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद अदालत में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों और वारंटियों के विरुद्ध यह धरपकड़ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
Budaun Amarprabhat