परिसर में उगी झाड़ियां, ग्रामीणों ने व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की
सिलहरी। सलारपुर ब्लॉक के भगवतीपुर गांव में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत निर्मित रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) के नियमित संचालन और रखरखाव को लेकर ग्रामीणों ने ध्यान आकर्षित किया है। ग्रामीणों के अनुसार, केंद्र परिसर में झाड़ियां उग आई हैं और साफ-सफाई की व्यवस्था पर भी ध्यान दिए जाने की जरूरत है।
आरआरसी केंद्र का उद्देश्य सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग कर उसका उचित निस्तारण करना है। ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र पर कचरा प्रबंधन का काम शुरू होने से गांव में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने परिसर की सफाई कराने और केंद्र को उपयोग में लाने की मांग की है।
ग्रामीण विलियम सिंह, सोनू और बलजीत पटेल ने संबंधित अधिकारियों से केंद्र की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कदम उठाने की अपील की है। वहीं, ग्राम प्रधान चरन सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराकर केंद्र को सुचारू रूप से संचालित कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
Budaun Amarprabhat