बदायूँ। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना सिविल लाइंस पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल सहित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मधुबन कालोनी (थाना सिविल लाइंस) निवासी आशीष पुत्र किशन चन्द्र सिंह अपने मित्र बैभव कुमार (निवासी ब्रहमपुर) के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए बताया कि ग्राम कण्डेला (थाना मूसाझाग) निवासी प्रशान्त पाल पुत्र नन्हेपाल उनकी बुलेट मोटरसाइकिल चोरी करके ले जा रहा था। तभी उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए उसे रंगे हाथों पकड़ लिया और बाइक सहित सीधे सिविल लाइंस थाने ले आए।
वादी आशीष की तहरीर के आधार पर थाना सिविल लाइंस पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अभियुक्त प्रशान्त पाल के विरुद्ध मु0अ0सं0 386/26, धारा 303(2) व 317(2) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया। पुलिस ने बरामद चोरी की बुलेट बाइक को कब्जे में ले लिया है और अभियुक्त के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
Budaun Amarprabhat