बदायूँ। तहसील बिल्सी क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम बेहटा गुसांईं में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन जीवन लीलाओं के मंचन का शुभारंभ धूमधाम एवं धार्मिक उल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन श्री रामलीला एवं राय सती प्रबंध समिति की अध्यक्षा श्रीमती कांती देवी ने विधिवत पूजन-अर्चन के उपरांत फीता काटकर किया।
उद्घाटन सत्र के पश्चात ‘श्री लक्ष्मी आदर्श रामलीला रासलीला नाटक कला मंडल, ब्रजधाम मथुरा’ से पधारे कलाकारों ने मंच पर सर्वप्रथम विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद पहले दिन की लीला में कलाकारों द्वारा ‘नारद मोह’ के प्रसंग का अत्यंत सजीव, भावपूर्ण एवं आकर्षक मंचन किया गया। कलाकारों के शानदार अभिनय और संवाद अदायगी ने उपस्थित दर्शकों व धर्मप्रेमियों को भावविभोर कर दिया और पूरा पंडाल जय श्रीराम के उद्घोषों से गूंज उठा।
कमेटी अध्यक्षा श्रीमती कांती देवी ने इस अवसर पर कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन चरित्र संपूर्ण मानव जाति के लिए त्याग, मर्यादा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की अमर प्रेरणा देता है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामकथा का श्रवण करने और प्रभु के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।
इस धार्मिक आयोजन के दौरान मुख्य रूप से जगदीश शर्मा, नवनीत पुरी, मनोहर पुरी, रामसेवक शाक्य, मुरारी शाक्य, कृष्णगोपाल गुप्ता, कैलाश पुरी, छोटेलाल, प्रदीप पुरी सहित रामलीला कमेटी के समस्त पदाधिकारी, सदस्यगण एवं भारी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat