कुंवरगाँव बिजलीघर की क्षमता बढ़ी
कुंवरगाँव। क्षेत्र में सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने के लिए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कुंवरगाँव की क्षमता में ऐतिहासिक विस्तार किया गया है। यहाँ स्थापित पावर ट्रांसफॉर्मर की क्षमता 5 एमवीए से बढ़ाकर 10 एमवीए कर दी गई है। विद्युत विभाग के अनुसार, इस क्षमता वृद्धि परियोजना पर कुल 1 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत आई है। रविवार को सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने विधि-विधान से हवन-पूजन के बाद फीता काटकर 10 एमवीए क्षमता वाले नए ट्रांसफॉर्मर का औपचारिक शुभारंभ किया।
गौरतलब है कि करीब आठ माह पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन पति अरविंद रावत ने सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के साथ लखनऊ में ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से भेंट कर कुंवरगाँव विद्युत उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने का अनुरोध किया था। जनहित में किए गए इन प्रयासों के फलस्वरूप शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद ट्रांसफॉर्मर की क्षमता को दोगुना किया गया है।
इस अवसर पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि 10 एमवीए ट्रांसफॉर्मर चालू होने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों और नगर में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी तथा उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज और अघोषित कटौती की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सदर विधायक का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। वहीं उपखंड अधिकारी अमित कुमार और अवर अभियंता मियां कुरैशी ने विधायक को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन यशवीर गौतम ने किया। इस दौरान मंडल उपाध्यक्ष नितिन शर्मा, अजय सक्सेना, राम शर्मा, लवी शर्मा, विकास तिवारी, गुड्डू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, विद्युत कर्मी और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat