Breaking News

खुडवारा से कूड़ा शाहपुर मार्ग बदहाल, 8 गांवों की राह में बिछे हैं गड्ढे और नुकीले तार

Spread the love

कादरचौक। विकास खंड कादरचौक अंतर्गत आने वाला खुडवारा से कूड़ा शाहपुर मार्ग अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। क्षेत्र के ग्राम खुडवारा से कूड़ा शाहपुर, खरगी नगला सहित करीब सात से आठ गांवों को जोड़ने वाला यह मुख्य संपर्क मार्ग वर्षों से उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। जर्जर और कच्चे रास्ते के चलते ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन संबंधित विभाग मूकदर्शक बना हुआ है।
यह मार्ग क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए ब्लॉक मुख्यालय, मंडी, स्कूल और अस्पतालों तक पहुंचने का एकमात्र प्रमुख साधन है। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस जर्जर रास्ते की मरम्मत और पक्की सड़क बनवाने को लेकर जनप्रतिनिधियों से लेकर विभागीय अधिकारियों तक कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन आश्वासनों के सिवा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सामान्य दिनों में धूल के गुबार और गड्ढों से जूझने वाले राहगीरों के लिए बरसात के मौसम में यह रास्ता किसी दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे चार पहिया तो दूर, पैदल निकलना भी दूभर हो जाता है।
सड़क की खस्ताहाली के साथ-साथ एक और बड़ा खतरा राहगीरों की जान पर मंडरा रहा है। खेतों की फसलों को आवारा पशुओं से बचाने के लिए किसानों ने रास्ते के किनारे नुकीले तार लगा रखे हैं। जर्जर व संकरे मार्ग पर संतुलन बिगड़ते ही दोपहिया वाहन चालक इन तारों की चपेट में आकर लहूलुहान हो जाते हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए खुडवारा से कूड़ा शाहपुर मार्ग का जल्द से जल्द पक्का डामरीकरण कराया जाए, ताकि क्षेत्रीय जनता को इस नारकीय सफर से निजात मिल सके।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

ट्यूबवेल पर मिला किसान का शव, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

Spread the loveसहसवान। कोतवाली सहसवान क्षेत्र के गांव जरीफपुर गढ़िया में खेत पर काम करने …