
कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालु लगाएंगे गंगा में आस्था की डुबकी, सुरक्षा और अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम
बदायूं : रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में झंडी पूजन के साथ मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया है। इसके साथ ही गंगा तट पर श्रद्धालुओं की आमद तेज हो गई है। ट्रैक्टर-ट्रॉली, टेंपो और निजी वाहनों से बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु अपने तंबू लगाने में जुट गए हैं। 23 नवंबर को दोपहर एक बजे मेले का औपचारिक उद्घाटन होगा। वहीं 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालु हर-हर गंगे, निर्मल गंगे के जयघोष के साथ गंगा में पुण्य की डुबकी लगाएंगे।
मेले की व्यवस्थाओं को लेकर शासन-प्रशासन के अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। कर्मचारियों को समयबद्धता और जिम्मेदारी के साथ व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उद्घाटन के बाद मुख्य अतिथि का बैंड-बाजों के साथ स्वागत किया जाएगा। स्काउट कैंप, ब्रह्माकुमारी प्रजापिता कैंप और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का उद्घाटन होगा। दोपहर दो बजे सांस्कृतिक पंडाल में मां सरस्वती की वंदना, दीप प्रज्ज्वलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे, जो 25 नवंबर तक दिन और देर रात तक चलेंगे।
Budaun Amarprabhat