प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे अपना कौशल
कादरचौक। ब्लॉक संसाधन केंद्र असरासी के क्रीड़ा मैदान पर परिषदीय विद्यालयों की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि व उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ शाखा इकाई कादरचौक के ब्लॉक अध्यक्ष ब्रिजेश यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस प्रतियोगिता में विकासखंड के अंतर्गत आने वाले विभिन्न प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
क्रीड़ा मैदान पर बच्चों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। नन्हे खिलाड़ियों ने दौड़, कबड्डी, खो-खो और गोला फेंक सहित अन्य विविध खेल स्पर्धाओं में अपने शारीरिक कौशल और खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान मैदान पर मौजूद शिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने तालियां बजाकर खिलाड़ियों का निरंतर उत्साहवर्धन किया।
आयोजकों ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का प्रयास किया जा रहा है। इस ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं का चयन आगामी जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा, जहां वे अपने ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस सफल आयोजन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष ब्रिजेश यादव, हरीश यादव, पीटीआई मुकेश यादव, अहिलकार यादव, करूनेश यादव, रामवीर यादव, संजय सिंह, महेश चन्द्र, मनोज बघेल, कृष्ण पाल सिंह, अरविन्द कुमार, भुवेन्द्र कुमार, विजेन्द्र पाल, नेम सिंह, अशोक कुमार, ह्रदेश चन्द्र माथुर, चन्द्रभान, कृष्णा यादव, रीना चौधरी, सरोजिनी गुंजाल, कामिनी रानी, मोहम्मद विकारुद्दीन, यासिर इरफान, मोहम्मद सलीम और जमीर अहमद सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat