कादरचौक। जनपद के कादरचौक थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नागर में पारिवारिक विवाद के चलते एक 32 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नागर निवासी गुड्डू सिंह की 32 वर्षीय पत्नी अंजलि की शादी लगभग 13 वर्ष पूर्व हुई थी। दांपत्य जीवन के दौरान उनके दो बेटे हुए। परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से परिवार में किसी बात को लेकर आपसी कलह चल रही थी। इसी गृह क्लेश और मानसिक तनाव के चलते अंजलि ने देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर कादरचौक थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को फंदे से नीचे उतारा और आवश्यक लिखा-पढ़ी कर पंचनामा भरा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की ओर से मिलने वाली तहरीर के आधार पर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Budaun Amarprabhat