Breaking News

स्वगणना शुरू, 30 नवंबर तक स्वयं कर सकते हैं ऑनलाइन गणना

Spread the love

बदायूँ: । जनगणना-2027 डिजिटल माध्यम से संपन्न कराई जा रही है। 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आमजन आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना पूरी होने के बाद प्राप्त एसई आईडी को सुरक्षित रखकर घर आने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा। 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना की जाएगी।
सोमवार को प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी अवनीश राय एवं जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) महेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने स्व-गणना अभियान के प्रथम दिवस डीएम आवास पर अपने परिवार की स्व-गणना कर आमजन को संदेश दिया कि सभी लोग 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक अपने-अपने परिवार स्वगणना कर सकते हैं।
इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने भारत की जनगणना-2027 के प्रचार-प्रसार हेतु संचालित प्रचार वाहन को कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
5,929 प्रगणक करेंगे जनसंख्या की गणना- जनपदँ में जनगणना कार्य के लिए कुल 26 चार्ज निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 05 तहसील चार्ज, 07 नगर पालिका परिषद एवं 14 नगर पंचायत शामिल हैं। जनपद में जनगणना कार्य संपन्न कराने के लिए कुल 5,929 प्रगणक एवं 1,003 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।
जनगणना के दौरान परिवार एवं उसके सदस्यों से निर्धारित 40 प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्राप्त की जाएगी। इसके अतिरिक्त 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण संचालित होगा, जिसमें निर्धारित अवधि के दौरान जन्म एवं मृत्यु से संबंधित विवरण संकलित कर आंकड़ों को अद्यतन किया जाएगा। जनगणना में बेघर व्यक्तियों को भी सम्मिलित किया जाएगा। उनकी गणना 04 जनवरी 2027 को सायंकाल से की जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति जनगणना से वंचित न रहे।
कोई दस्तावेज नहीं मांगा जाएगा- जनगणना के दौरान किसी भी व्यक्ति से कोई दस्तावेज, प्रमाण पत्र अथवा अन्य कागजात नहीं मांगे जाएंगे और न ही किसी प्रकार का शुल्क लिया जाएगा। इसके साथ ही किसी भी व्यक्ति से ओटीपी नहीं मांगी जाएगी। आमजन से अपील की गई कि वे अपनी ओटीपी किसी के साथ साझा न करें।
प्रगणकों द्वारा प्राप्त सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी। आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए प्रगणकों के पहचान पत्र पर क्यूआर कोड भी उपलब्ध रहेगा, जिसे स्कैन कर उनकी पहचान एवं प्रामाणिकता का सत्यापन किया जा सकेगा।
एसएसपी ने दिया जागरुकता का संदेश- जनगणना जागरुकता के लिए पुलिस कार्यालय में सेल्फी जोन बनाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने वहां पहुंचकर फोटो ग्राफी कराई और उसकी तस्वीर साझा करते हुए आमजन को जनगणना के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। समस्त आमजनों से अपील है कि जनगणना में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें।
—-


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

इज्जतनगर मंडल में चला स्वच्छता अभियान, ‘वेस्ट टू आर्ट’ से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Spread the loveबरेली। ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक-2026 के अंतिम दिन पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल …