30 नवंबर तक घर बैठे दर्ज कर सकेंगे परिवार का विवरण
बदायूं। भारत की जनगणना-2027 द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में स्वगणना की प्रक्रिया सोमवार, 16 नवंबर से प्रारंभ होने जा रही है। इसके माध्यम से प्रदेश के नागरिक 30 नवंबर 2026 तक घर बैठे अपने मोबाइल फोन अथवा लैपटॉप के जरिए अपने परिवार के सभी सदस्यों का विवरण स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना की अवधि समाप्त होने के बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक घर-घर जाकर ऑनलाइन दर्ज किए गए आंकड़ों का भौतिक सत्यापन करेंगे।
जनगणना के मास्टर ट्रेनर डॉ. सत्यम मिश्र ने बताया कि यह देश की 16वीं और स्वतंत्रता के बाद की आठवीं जनगणना है। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य पूर्ण होने के बाद अब द्वितीय चरण में जनसंख्या से जुड़े 40 प्रश्नों का संकलन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनगणना के आंकड़े सरकारी योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के वितरण और विकास की प्राथमिकताओं का आधार होते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इसमें सही और तथ्यात्मक जानकारी देनी चाहिए।
घर बैठे ऐसे करें स्वगणना:
नागरिकों को सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर उत्तर प्रदेश और अपनी पसंदीदा भाषा का चयन करना होगा। इसके बाद सक्रिय मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी से सत्यापन कर डिजिटल मानचित्र पर अपने निवास स्थान की पुष्टि करनी होगी। अगले चरण में परिवार के प्रत्येक सदस्य से जुड़े सभी 40 प्रश्नों के उत्तर सावधानीपूर्वक भरने होंगे।
डेटा की समीक्षा कर अंतिम रूप से सबमिट करने के बाद आवेदक को एक विशिष्ट ‘स्वगणना आईडी’ प्राप्त होगी। ध्यान रहे कि अंतिम सबमिट के बाद ऑनलाइन संशोधन नहीं हो सकेगा। इस ‘स्वगणना आईडी’ को सुरक्षित रखना अनिवार्य है, जिसे 1 दिसंबर से घर आने वाले प्रगणक को दिखाकर सत्यापन पूरा कराना होगा।
Budaun Amarprabhat