बदायूँ। पुलिस महकमे के लिए बुधवार का दिन विशेष उत्साह और गर्व से भरा रहा। जिले में तैनात 5 उपनिरीक्षकों को पुलिस इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नति मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने उनके कंधों पर स्टार लगाकर सम्मानित किया। एसएसपी कार्यालय में आयोजित इस संक्षिप्त व गरिमामय कार्यक्रम के दौरान पदोन्नत हुए सभी अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया गया।
पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में थाना उघैती के थानाध्यक्ष उ0नि0 उदयवीर सिंह, थाना मुजरिया के थानाध्यक्ष उ0नि0 नीरज कुमार, थाना उझानी पर तैनात उ0नि0 कैलाश चन्द्र, थाना उसहैत में तैनात उ0नि0 अश्वनी कुमार तथा प्रतिनियुक्ति यूपीपीसीएल, लखनऊ में सेवारत उ0नि0 धर्मेन्द्र सिंह शामिल हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पदोन्नत निरीक्षकों के उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी। इस दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने नए और बड़े दायित्वों का निर्वहन पूरी लगन, ईमानदारी व निष्ठा के साथ करें। उन्होंने कहा कि पदोन्नति के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं, इसलिए जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ0 हृदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने पदोन्नत हुए सभी अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
Budaun Amarprabhat