सहसवान। बदायूं-मेरठ राजमार्ग पर स्थित चार नंबर चौकी के समीप गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार एक महिला सहित कई लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद राहगीर और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और राहत कार्य शुरू किया। इसी बीच राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने पर पीआरबी 112 पुलिस टीम भी तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बाइकें काफी तेज गति में थीं, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठे और यह आमने-सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद राजमार्ग पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस व्यस्त मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि आए दिन होने वाले हादसों को रोका जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Budaun Amarprabhat