
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ग्राम आमगांव निवासी भारतीय सेना के वीर जवान नायक अंकुश कुमार का पार्थिव शरीर रविवार सुबह तिरंगे में लिपटकर उनके पैतृक जिले बदायूं पहुंचा। हरियाणा के हिसार में सैन्य युद्धाभ्यास के दौरान हुए हादसे में बलिदान हुए अंकुश कुमार के अंतिम दर्शनों के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। बरेली कैंट से सेना के वाहन द्वारा पार्थिव शरीर को शहर के दातागंज तिराहे स्थित डिपॉल स्कूल लाया गया, जहां से पहले से फूलों से सजे सेना के दूसरे वाहन में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम यात्रा शुरू हुई।
करीब पांच किलोमीटर लंबी इस अंतिम यात्रा में सैकड़ों ग्रामीण और शहरवासी शामिल हुए। पूरे रास्ते ‘भारत माता की जय’ और ‘शहीद अंकुश कुमार अमर रहें’ के गगनभेदी नारों से आसमान गूंजता रहा। भारत मां के इस सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, जिलाधिकारी अविनाश राय, एसएसपी अंकिता शर्मा, एसपी सिटी अभिषेक सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट सुमित सिंह समेत तमाम प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार थानों का पुलिस बल तैनात किया गया था।
वर्ष 2010 में महाराष्ट्र के नागपुर (कामठी) से सेना में भर्ती हुए अंकुश कुमार करीब दो वर्ष पूर्व पदोन्नत होकर नायक बने थे। उनके परिवार की देशसेवा की समृद्ध परंपरा रही है; पिता आदेश कुमार भी सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि चाचा घनेन्द्र सिंह और ताऊ के बेटे अमित कुमार भी सेना में सेवाएं दे चुके हैं। अपने पीछे वह पत्नी पूजा, 11 वर्षीय बेटी नंदिनी, सात वर्षीय बेटे हर्ष और छोटे भाई विनीत को छोड़ गए हैं।
परिजनों के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब दो बजे ही अंकुश ने बच्चों से फोन पर बात कर रविवार को घर लौटने और ककोड़ा मेला घुमाने का वादा किया था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। पत्नी पूजा बेसुध हो गईं, तो अर्थी उठने पर बिलखती मां पीछे दौड़ पड़ीं।
अंतिम संस्कार के दौरान लेफ्टिनेंट निखिल कुमार सिंह ने शहीद के पिता आदेश कुमार को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा सौंपा और कहा कि अंकुश का सर्वोच्च बलिदान देश सदैव याद रखेगा तथा सेना हर कदम पर परिवार के साथ खड़ी है।
Budaun Amarprabhat