
संविधान की प्रस्तावना का कराया वाचन
बदायूं। देशभर में गुरुवार, 26 नवंबर को मनाए जा रहे संविधान दिवस के उपलक्ष्य में बदायूं पुलिस कार्यालय में एक गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कार्यालय में उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। इसके साथ ही उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों, आदर्शों और नियमों के प्रति सदैव निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई।
समारोह के दौरान पुलिस कार्यालय का माहौल देशभक्ति और संवैधानिक गरिमा से ओतप्रोत नजर आया। एसएसपी के नेतृत्व में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक स्वर में संविधान की प्रस्तावना में वर्णित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया। पुलिसकर्मियों ने यह भी प्रण लिया कि वे राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में अपना सर्वोच्च योगदान देंगे तथा अपने पदीय कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करेंगे।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किए जाने की ऐतिहासिक स्मृति में प्रतिवर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है। इस विशेष कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण, संविधान के प्रति गहरे सम्मान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप आमजन की सेवा व सुरक्षा के अपने दायित्वों को पूरी जिम्मेदारी से निभाने के लिए प्रेरित किया गया। इसी क्रम में जनपद के विभिन्न थानों और पुलिस चौकियों पर भी पुलिसकर्मियों द्वारा संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर शपथ ली गई।
Budaun Amarprabhat