Breaking News

कोहरे से पहले सड़क सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त कराने के निर्देश*

Spread the love

*
बदायूँ: जिलाधिकारी अवनीश राय ने शहर में जाम की समस्या के समाधान के लिए गठित समिति द्वारा एक माह बाद भी सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत न किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गत 22 अक्टूबर को आयोजित बैठक में पुलिस, परिवहन, नगर पालिका परिषद, लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों की समिति गठित कर जाम की समस्या के समाधान के लिए सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अभी तक रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई है।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित संबंधित अधिकारियों के साथ जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की। जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी दिनों में कोहरा तेजी से बढ़ सकता है। इसे देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अन्य मार्गों पर आवश्यकतानुसार लाइटें लगवाई जाएं तथा जहां संकेतक लगाए जाने आवश्यक हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर संकेतक लगवाए जाएं। इसके लिए तीन टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए। प्रथम टीम बदायूँ में नवादा से कछला तक, द्वितीय टीम नवादा से बरेली तक तथा तृतीय टीम गंगा एक्सप्रेसवे के एक प्वाइंट से दूसरे प्वाइंट तक निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करेंगी। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने चीनी मिल प्रबंधकों को अभियान चलाकर गन्ना ढोने वाली ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगवाने तथा वन विभाग को सभी मार्गों पर झाड़ियों की छंटाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मार्गों पर यातायात का दबाव अधिक है, वहां सुरक्षा संबंधी कार्य प्राथमिकता से कराए जाएं।
*इंटरचेंज के निकट स्वास्थ्य केंद्रों पर बढ़ेंगी चिकित्सीय सुविधाएं-* जिलाधिकारी ने जनपद में बरेली, बिसौली एवं दातागंज रोड पर गंगा एक्सप्रेसवे के तीन इंटरचेंज के निकट स्थित सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सीय सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पूर्व में जिन स्थानों पर जिन कारणों से सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, उन कारणों की पुनरावृत्ति होने पर इसे संबंधित विभाग की गंभीर लापरवाही माना जाएगा। सभी मार्गों पर दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएं, जिससे दुर्घटनाओं को न्यूनतम किया जा सके। जिलाधिकारी ने एसएसपी कार्यालय से आगे अंडरपास से पहले सड़क पर बने गड्ढे को शीघ्र भरवाने तथा पुलिस लाइन एवं पुलिस परेड ग्राउंड के आमने-सामने स्थित गेटों के पास रम्बल स्ट्रिप लगवाने के निर्देश दिए, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।
बैठक में संबंधित अधिकारियों ने अवगत कराया कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष अक्टूबर माह में सड़क दुर्घटनाओं में 20 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। टी-जंक्शन सुधार के अंतर्गत पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्य कराए गए हैं। जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट के अंतर्गत मुरादाबाद-फर्रुखाबाद, बदायूँ-बिजनौर एवं मेरठ-बदायूँ मार्ग सहित तीन कॉरिडोर तथा अन्य स्थलों पर लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्य कराए जाएंगे। जिलाधिकारी ने 520 बी बरेली-मथुरा मार्ग पर क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण कर उसे ठीक कराने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात सुनील कुमार, एआरटीओ हरिओम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
—-


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

पीआरडी जवानों को दिया गया एक दिवसीय मासिक प्रशिक्षण, अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा का पढ़ाया पाठ

Spread the loveआसफपुर। स्थानीय विकास खंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) …