बिसौली (बदायूं)। अथर्व मिल्क फूड्स एंड फार्म प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से क्षेत्र में एक विशेष किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय दुग्ध उत्पादक किसानों ने भाग लिया। गोष्ठी के दौरान विशेषज्ञों ने किसानों को दुग्ध का उचित व पारदर्शी मूल्य प्राप्त करने, गुणवत्तापूर्ण पशु आहार, शुद्ध एवं सुरक्षित दुग्ध उत्पादन और पारंपरिक बिलोना घी सहित अन्य दुग्ध उत्पादों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इसके साथ ही आधुनिक डेयरी प्रबंधन, पशुओं की वैज्ञानिक देखभाल, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन के तरीकों और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी सार्थक चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कंपनी के निदेशक अवनीश चौधरी ने कहा कि किसानों की खुशहाली में ही देश की असली समृद्धि निहित है। किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण विकास की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि अथर्व मिल्क फूड्स का संकल्प है कि पशुपालकों को उनकी मेहनत का पूरा सम्मान और दुग्ध का पारदर्शी दाम मिले, जिससे उनका आर्थिक स्तर सुधरे और उपभोक्ताओं तक शुद्ध उत्पाद पहुंच सकें।
निदेशक ने आगे कहा कि कंपनी केवल व्यवसाय तक सीमित न रहकर किसानों के विश्वास और सम्मान के साथ एक आत्मनिर्भर डेयरी क्षेत्र का निर्माण कर रही है। गोष्ठी के अंत में किसानों ने भी अपने व्यावहारिक अनुभव साझा करते हुए कंपनी की इस पहल की सराहना की।
Budaun Amarprabhat