Breaking News

मेला ककोड़ा : कार्तिक पूर्णिमा के दूसरे दिन आस्था का सैलाब, गूंज उठा गंगा तट

Spread the love

— झूलों का बच्चों ने जमकर आनंद लिया, तंबुओं का शहर उजड़ने लगा, ट्रेक्टर ट्राली और निजी वाहनों से पहुंचे श्रद्धालु

बदायूं : रेत की सफेद चादर पर बसा रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में कार्तिक पूर्णिमा के दूसरे दिन भी आस्था और भक्ति का प्रवाह थमने का नाम नहीं ले रहा। ब्रह्म मुहूर्त में हजारों श्रद्धालुओं ने पतित पावनी मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। गंगा तट हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयघोष से गूंज उठा। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना, दीपदान और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। गंगा तट पर श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए यज्ञ, कथा और भजन-कीर्तन का आयोजन किया। कई श्रद्धालुओं ने मनोकामना पूर्ण होने पर मां गंगा को साड़ी और चुनरी पहनाकर नमन किया। कन्या भोज और दान-दक्षिणा का विशेष आयोजन हुआ, जिसमें देवकन्याओं को दही-जलेबी, पूरी-सब्जी का प्रसाद कराया गया और दक्षिणा दी गई।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मेला घूमकर आनंद लिया। दोपहर और शाम के वक्त मीना बाजार, चरखों और झूलों के पास भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने श्रृंगार सामग्री की खरीदारी की, बच्चों ने खिलौनों का लुत्फ उठाया, वहीं ग्रामीणों ने घरेलू उपयोग की वस्तुएं खरीदीं। जादू के खेल, कठपुतली नृत्य और झूले मेले का मुख्य आकर्षण बने रहे।
मेला परिसर में जगह-जगह विशाल भंडारों का आयोजन हुआ। मुख्य मार्ग, साधु-संतों के पंडालों और झूले के समीप निरंतर भंडारे चलते रहे, जिनमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। गंगा तट पर भक्तों ने इलायची दाना, बताशे और बूंदी लड्डू का प्रसाद अर्पित किया। मेला ककोड़ा में जहां एक ओर श्रद्धालु लगातार पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पहले से तंबू लगाकर रह रहे श्रद्धालु अब अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं। पूर्वी और पश्चिमी छोरों पर तंबुओं का शहर उजड़ने लगा है। श्रद्धालु अपने ट्रैक्टर-ट्रालियों और निजी वाहनों से अपने गंतव्यों की ओर रवाना हो रहे हैं।
मेले में स्काउट दलों और पुलिस प्रशासन ने वॉच टावरों से सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखी। गंगा तट से लेकर मीना बाजार तक हर जगह चहल-पहल और भक्तिभाव का माहौल बना रहा।
फिलहाल अभी ग्रामीण क्षेत्र के लोग मेले में खरीदारी के लिए उम्र पड़े हैं वहीं मां गंगा को नमन वंदन कर स्नान भी कर रहे हैं।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

‘एआई और भारतीय समाज’ पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी 20 नवंबर से

Spread the loveबदायूँ। शहर के गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय में आगामी 20 एवं 21 नवम्बर …