Breaking News

स्वगणना में सहभागिता के लिए विद्यार्थियों से अपील

Spread the love


बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने शनिवार को सिविल लाइन स्थित शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर पहुंचकर छात्र-छात्राओं को जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि स्वगणना किस प्रकार की जाती है तथा ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार का विवरण किस तरह दर्ज करना है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्वयं स्वगणना करने के साथ-साथ अपने परिवार, रिश्तेदारों एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने तथा अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित कराने की अपील की।
प्रशिक्षण के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यार्थियों से स्वगणना की प्रक्रिया से संबंधित कई प्रश्न पूछे और प्रशिक्षण के दौरान उनकी समझ को परखा। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्नों के उत्तर दिए। सटीक जवाब देने पर कक्षा छह के छात्र संभव, सत्यम एवं छात्रा आयुषि को नकद पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। सीडीओ ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
इसके उपरांत मुख्य विकास अधिकारी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान पहुंचीं, जहां उन्होंने शिक्षक-शिक्षिकाओं से जनगणना कार्य में रुचि लेकर स्वगणना की प्रक्रिया एवं प्रगणक के दायित्वों को भली-भांति समझने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं पहले से ही प्रशिक्षण प्राप्त कर पूरी प्रक्रिया की जानकारी कर लें। उन्होंने जनगणना के महत्व को समझते हुए इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर श्री सांई आश्रित शाखमुरी मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

गेहूं बीज और डीएपी खाद की किल्लत दूर कराने की मांग, किसानों ने सौंपा ज्ञापन

Spread the loveउसावां। रबी की बुवाई के बीच गेहूं बीज और डीएपी खाद की उपलब्धता …