बदायूं। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अलापुर पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नाजायज तमंचा .315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश एवं क्षेत्राधिकारी दातागंज के पर्यवेक्षण में थाना अलापुर पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान ककराला-उसहैत रोड पर अकील की ट्यूबवेल के पास पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुहेल पुत्र मुन्ने उर्फ मुन्नवर खां (23 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर-14 कस्बा ककराला, थाना अलापुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सुहेल का पुराना आपराधिक इतिहास भी है; उसके खिलाफ पूर्व में गोवध निवारण अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 3/25(1-B)(a) आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी सनी चौधरी, उपनिरीक्षक राजू राणा, कांस्टेबल अभिलाष पंवार और मोनू गौतम शामिल रहे।
Budaun Amarprabhat