क्विज प्रतियोगिता में महिमा रहीं अव्वल
बदायूं। स्थानीय राजकीय महाविद्यालय आवास विकास में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं राजनीति विज्ञान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय संविधान दिवस पूरे गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने भारतीय संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक सिद्धांतों और संवैधानिक मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
समारोह का शुभारंभ करते हुए कार्यक्रम संयोजक डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने उपस्थित सभी प्राध्यापकों और विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया तथा मौलिक कर्तव्यों के ईमानदारी से पालन करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ने भारतीय संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, इसके निर्माण की यात्रा और राष्ट्र निर्माण में इसकी निर्णायक भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ज्योति बिश्नोई, डॉ. संजय कुमार तथा डॉ. गौरव कुमार सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने नागरिक कर्तव्यों के प्रति सदैव सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों में संवैधानिक ज्ञान को बढ़ावा देने के लिए भारतीय संविधान के निर्माण और विभिन्न अनुच्छेदों पर आधारित एक क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिमा भारती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जुबेर मिर्जा बेग द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं, महक और शिवकुमार ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर अस्मिता सागर, नमी, शिवानी, शिवानी वर्मा, खुशबू यादव और अनामिका सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और महाविद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
Budaun Amarprabhat