उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल


लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस सूची में वाराणसी, प्रयागराज, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद सहित चार प्रमुख पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्तों के साथ-साथ कई जोन के एडीजी, रेंज के डीआईजी और जिलों के कप्तान बदले गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है, जबकि प्रयागराज के पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया को अपर पुलिस महानिदेशक (स्थापना), लखनऊ के पद पर भेजा गया है। वहीं, गौतमबुद्धनगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है और गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड़ को गौतमबुद्धनगर की कमान सौंपी गई है। लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी किरण एस. को वाराणसी का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है।
इसके अतिरिक्त, बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा को लखनऊ जोन का एडीजी तथा लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन का एडीजी बनाया गया है। जिलों में भी महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का एसएसपी और मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र, अभिषेक सिंह को आगरा परिक्षेत्र, शैलेश कुमार पांडेय को अलीगढ़ परिक्षेत्र और आशीष तिवारी को सहारनपुर परिक्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि तीन अधिकारियों के पूर्व तबादले निरस्त कर उन्हें नई तैनाती दी गई है।
Budaun Amarprabhat