बदायूं | अमर प्रभात
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। 15 दिसंबर। जिलाधिकारी अवनीश राय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेई सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए 50 लाख रुपये या उससे अधिक लागत की निर्माण परियोजनाओं, सड़क निर्माण, 50 लाख रुपये से कम लागत की निर्माण परियोजनाओं, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत मिशन, बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति, राज्य पोषण मिशन, पशुपालन विभाग तथा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से संबंधित कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील होकर परस्पर विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने एवं निर्माण कार्यों का अनिवार्य रूप से स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों को समय से पूर्ण कराने तथा पूर्ण हो चुके कार्यों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि महिला पीएसी के आवासीय भवनों का निर्माण 49.50 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है, जिसे जुलाई 2026 तक पूर्ण किया जाना है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं है और धनाभाव के कारण कोई भी निर्माण कार्य नहीं रुकना चाहिए। यदि आवश्यकता हो तो संबंधित विभाग शासन से समय रहते धनराशि की मांग करें। साथ ही उन्होंने कहा कि भूमि की अनुपलब्धता के कारण भी कार्य बाधित नहीं होने चाहिए।
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने गौशालाओं में युद्धस्तर पर नाइट विजन युक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिन गौशालाओं में 30 से कम निराश्रित गौवंश संरक्षित हैं, उन्हें विस्तार कर 100-100 क्षमता वाले गौ आश्रय स्थल विकसित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की नवंबर 2025 तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। सी व डी रैंकिंग प्राप्त अधिकारियों को अपने कार्यों में सुधार कर लक्ष्य समय से पूर्ण करने को कहा गया। उन्होंने मुख्य प्रदर्शन घटक (केपीआई) को ध्यान में रखकर कार्य करने के निर्देश दिए। कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) भेजकर शीघ्र स्वस्थ कराने पर भी बल दिया गया। समीक्षा में बताया गया कि गत छह माह में 80 प्रतिशत बच्चों को स्वस्थ किया गया है।
डीएम ने फैमिली आईडी के कार्यों में तेजी लाने तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण में गति बढ़ाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत मिशन की समीक्षा में पाया गया कि 15 ब्लॉकों में छूटे 3,31,058 कार्डों के सापेक्ष अब तक मात्र 5,916 कार्ड बनाए गए हैं, जिस पर नाराजगी जताते हुए कार्यों में तेजी लाने को कहा गया।
बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की समीक्षा में विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने एवं मध्यान्ह भोजन की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए गए। वहीं राज्य पोषण मिशन के अंतर्गत जिला पोषण मिशन की समीक्षा के दौरान पुष्टाहार का वितरण समय से एवं मानकानुसार कराने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को निर्देशित किया कि नवनिर्मित सड़कों का निरीक्षण कर खराब सड़कों की मरम्मत तत्काल कराई जाए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat