बिल्सी।
नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने देश की आन, बान और शान की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय चेयरमैन नरेन्द्र बाबू वार्ष्णेय, विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय, राज कुमार गुप्ता, विद्यालय निदेशिका साधना वार्ष्णेय एवं विद्यालय प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया।
इसी अवसर पर स्वर्गीय श्रीमती सुलक्ष्मा देवी वार्ष्णेय पत्नी स्वर्गीय श्री रामप्रकाश वार्ष्णेय की स्मृति में निर्मित किए जाने वाले श्रीमती सुलक्ष्मा देवी ऑडिटोरियम हॉल का शिलान्यास विद्यालय चेयरमैन नरेन्द्र बाबू वार्ष्णेय द्वारा किया गया।
चेयरमैन नरेन्द्र बाबू वार्ष्णेय ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह दिन प्रत्येक भारतीय के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने तन, मन और धन न्योछावर कर हमें स्वतंत्रता का अमूल्य उपहार दिया है, जिसकी रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। हमें शिक्षित, ईमानदार, दूरदर्शी और निर्भीक नागरिक बनकर राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए।
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने भी गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित ऑडिटोरियम आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी।
विद्यालय प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय इतिहास में गणतंत्र दिवस का विशेष महत्व है, क्योंकि यह हमें संविधान निर्माण से जुड़े संघर्षों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि इस दिन हमें आपसी भेदभाव मिटाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा लेनी चाहिए। साथ ही उन्होंने बताया कि नया ऑडिटोरियम विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों को नया आयाम देगा।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat