बिसौली।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कंपोजिट विद्यालय हर्रायपुर द्वारा समग्र शिक्षा की योजनाओं के प्रति जन समुदाय को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य निपुण भारत मिशन, बाल वाटिका, डिजिटल शिक्षा, डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूते-मोजे का वितरण, बालिका शिक्षा, ऑपरेशन कायाकल्प, दीक्षा और स्कूलों में दी जाने वाली निःशुल्क सुविधाओं जैसे पाठ्य पुस्तक, कार्यपुस्तिका, स्टेशनरी, मिड डे मील योजनाओं के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना था।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत एक सजा हुआ वाहन, जिस पर झंडा और बैनर लगाए गए थे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह और जिला समन्वयक ज्योत्सना द्वारा हर्रायपुर विद्यालय भेजा गया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले 10 बच्चों को विशेष ड्रेस भी प्रदान की गई। सभी बच्चों ने जन जागरूकता गीत “टन टन टन, चलो घंटी बजी” पर एक्शन के साथ प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम पंचायत हर्रायपुर से हुई और इसके बाद बिसौली नगर के अटल चौक, पुलिस चौकी, रोडवेज, मोहल्ला सराय, मेन चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर जाकर लोगों को बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक कुंवरसेन ने उपस्थित जन समुदाय को विभाग की सभी योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।
कार्यक्रम के दौरान दर्शकों को बच्चों द्वारा गुब्बारे और टॉफी वितरित की गई। नगरवासियों ने इस पहल की जमकर सराहना की और बच्चों को विभिन्न स्थानों पर जलपान कराया। कार्यक्रम का समापन ए आर फिलिंग सेंटर बिसौली पर हुआ, जहां रोटेरियन रवि प्रकाश अग्रवाल और रोहित अग्रवाल ने बच्चों का जलपान कराया और उनका मनोबल बढ़ाया।
इस अभियान में खंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद, ए आर पी मचिन मिश्रा, और विद्यालय की अध्यापिका चित्रा ने विशेष योगदान दिया।
Budaun Amarprabhat