दातागंज (बदायूं)। तहसीलदार दातागंज के कथित रवैये से नाराज अधिवक्ताओं ने मंगलवार को बड़ा कदम उठाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। दातागंज तहसील बार वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ मिलकर डीएम को ज्ञापन सौंपा और तहसीलदार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए।
अधिवक्ताओं ने बताया कि 28 फरवरी को तहसीलदार न्यायालय में हुई घटना के बाद से वकीलों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि तहसीलदार का व्यवहार अधिवक्ताओं और आम जनता के प्रति संतोषजनक नहीं है, बल्कि उनकी कार्यशैली एक अधिकारी के बजाय राजनेता जैसी है। पूर्व बार अध्यक्ष आशा दीक्षित, कुलदीप अग्निहोत्री और राकेश पुष्कर के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में तहसीलदार न्यायालय का लगातार बहिष्कार किया जा रहा है, जिससे वादकारियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से तहसीलदार की कार्यप्रणाली की जांच कराने और शीघ्र स्थानांतरण की मांग की। जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं की बात गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन देने वालों में दातागंज बार के अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता, महासचिव संतोष कुमार सिंह, जिला स्तर के महासचिव संदीप कुमार मिश्रा, देवपाल सिंह, पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद इसहाक एडवोकेट, आशा दीक्षित, ओमपाल सिंह सहित अन्य अधिवक्ता शामिल रहे।
बार अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि इस मुद्दे पर अगली रणनीति तय करने के लिए बार भवन में बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें सभी अधिवक्ताओं की सहमति से आगे का निर्णय लिया जाएगा।
Budaun Amarprabhat