संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूँ। महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के तहत बदायूँ पुलिस ने रविवार को जनपदभर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करते हुए पम्पलेट वितरित किए और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों और धार्मिक स्थलों पर महिला पुलिसकर्मियों ने चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक किया। महिलाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान और सुरक्षा के प्रति भरोसा दिलाया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना सहित कई सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 समेत अन्य जरूरी नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया।
पुलिस ने साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को सतर्क किया और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय समझाए। लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना बैंक खाता, ओटीपी या पिन साझा न करें।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 19 मार्च से 17 अप्रैल 2026 तक मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा, जिससे महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित और सशक्त वातावरण प्रदान किया जा सके।
Budaun Amarprabhat