पूर्व मंत्री ने भमुईया, भदासिया और ईकरी समेत कई गांवों का किया तूफानी दौरा
2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान
अमर प्रभात ब्यूरो
बदायूं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का सघन दौरा कर जनसंपर्क किया। इस दौरान भमुईया, भदासिया, बड़ी गौरामई, उरोलिया और ईकरी गांवों में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने क्षेत्र के विकास और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। आबिद रज़ा ने आरोप लगाया कि शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र से अब तक चुने गए जनप्रतिनिधियों ने जनता के वोट के साथ न्याय नहीं किया, जिसके कारण यह क्षेत्र विकास के मामले में आज भी पिछड़ा हुआ है।
विभिन्न गांवों में पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री का ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया। जनसभाओं में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए आबिद रज़ा ने कहा कि क्षेत्र में जितना विकास होना चाहिए था, उसका पांच प्रतिशत काम भी धरातल पर दिखाई नहीं देता। उन्होंने क्षेत्र में एक भी सरकारी डिग्री कॉलेज न होने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जब तक युवाओं को उच्च शिक्षा के समुचित अवसर नहीं मिलेंगे, तब तक उनका भविष्य बेहतर नहीं हो सकता।
पूर्व मंत्री ने आगामी राजनीतिक परिदृश्य का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में प्रदेश में बदलाव लाने के लिए सेक्युलर ताकतों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को एकजुट होना होगा। उन्होंने ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि एकजुटता के बल पर ही वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
दौरे के दौरान स्थानीय जनता और समर्थकों ने एक राय होकर पूर्व मंत्री आबिद रज़ा से आगामी चुनाव में शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनने का आग्रह किया। जनता की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यदि उन्हें इस क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिलता है, तो वह बिना किसी भेदभाव के सभी इलाकों में समान रूप से विकास कार्य कराएंगे। उन्होंने क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, उच्च शिक्षा के लिए इंटर व डिग्री कॉलेज का निर्माण और हर गांव तक पक्की सड़कों के जाल का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से अवधेश यादव, सुनील यादव, ब्रह्मपाल यादव, अशोक यादव, सोनू यादव, विकास यादव, भूप सिंह यादव, राजिक खान, सद्दाम, अंसार, अमित गुप्ता, अब्दुल हन्नान खान, अकरम, दिलदार, राशिद अली खान, रियाज़ुल्, पप्पू भाई, उवैस, अहमद रज़ा, मुख्तियार, बबलू, यासीन, शेर मोहम्मद, अनीस, नुसरत, अबरार, अरशद हसन, बाबू हुसैन, मुशर्रफ, नवाजिश, आमिर और आसिफ सहित भारी संख्या में ग्रामीण व सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat