बदायूँ। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम उठाते हुए प्राथमिक विद्यालय अन्तुईया में रविवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक ज़मीर अहमद के नेतृत्व में शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने मिलकर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंचार्ज प्रधानाध्यापक ज़मीर अहमद ने बताया कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ भारत सरकार द्वारा संचालित एक राष्ट्रीय पर्यावरण संरक्षण अभियान है। उन्होंने कहा, “अपनी माँ के सम्मान में एक पेड़ लगाना न केवल भावात्मक जुड़ाव है, बल्कि यह पर्यावरण को हरा-भरा और सुरक्षित बनाने का एक पुनीत कार्य भी है।” उन्होंने उपस्थित अभिभावकों और बच्चों को पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें बड़ा करने का संकल्प दिलाया।
इस महाअभियान में विद्यालय के समस्त स्टाफ और अभिभावकों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम में ज़मीर अहमद के साथ शिक्षिका सुनीता देवी, कमलेश कुमारी, गीता देवी और बादाम सिंह सहित अरविन्द कुमार, अजय शाक्य आदि ने सक्रिय रूप से पौधारोपण किया।
Budaun Amarprabhat