महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और अधिकारों की दी जानकारी, आत्मनिर्भर बनने का किया आह्वान
बदायूं, 16 अक्टूबर। गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में अतिथि वक्ता महिला उपनिरीक्षक कंचन सिंह ने महिला सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए शिक्षा के साथ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी होना भी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और अन्य प्रकार के शोषण के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया।
समाजशास्त्र प्रभारी डॉ. सरला चक्रवर्ती ने छात्राओं को सरकार की ओर से संचालित महिला सुरक्षा और सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता महिला सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण आधार है।
डॉ. उमा सिंह गौर ने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मानजनक दृष्टिकोण विकसित करना और उनके लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. इंदु शर्मा ने छात्राओं से जागरूक, सजग और आत्मविश्वासी बनने का आह्वान किया।
मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. शालू गुप्ता ने कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की शिक्षिकाओं और छात्राओं ने सहभागिता की। समापन महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के संकल्प के साथ हुआ।
Budaun Amarprabhat