उसावां। नगर पंचायत उसावां स्थित उप-डाकघर को अन्य ग्रामीण क्षेत्र में स्थानांतरित करने की सुगबुगाहट के बीच स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। मामले को लेकर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन धीरेंद्र पाल गुप्ता (धीरू भाई) ने मंगलवार को जिला डाक अधीक्षक, बदायूँ को पत्र भेजकर इस प्रस्ताव को तत्काल निरस्त करने की मांग उठाई है।
डाक अधीक्षक को भेजे पत्र में पूर्व चेयरमैन ने उल्लेख किया कि उसावां कस्बे में वर्षों से डाकघर संचालित है। उसावां एक प्रमुख प्रशासनिक व व्यापारिक केंद्र है, जहाँ ब्लॉक मुख्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), पुलिस थाना, नगर पंचायत कार्यालय, बैंक शाखाएं, बाल विकास परियोजना और एबीएसए कार्यालय स्थित हैं। ऐसे में डाकघर को कस्बे से हटाकर अन्य ग्रामीण क्षेत्र में भेजना जनहित के विपरीत होगा और इससे हजारों नागरिकों व व्यापारियों को भारी परेशानी उठानी पड़ेगी। उन्होंने जनहित को देखते हुए डाकघर को उसावां में ही यथावत बनाए रखने की मांग की।
Budaun Amarprabhat