मां गंगा के दिव्य जल से मन स्वच्छ और भावनाएं शुद्ध होती हैं : संजीव
बदायूं। रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में अखिल विश्व गायत्री परिवार के परिजनों ने मां गंगा के तट पर दीपोत्सव मनाया। इस दौरान गंगा घाट पर दीपों की आकर्षक सजावट की गई। दीपों से जगमगाते घाट पर श्रद्धालुओं ने गंगा आरती की और राष्ट्र, समाज व मानवता के कल्याण की कामना की। भजन और मंत्रोच्चारण से वातावरण भक्तिमय हो गया।
स्काउट संस्था के जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि मां गंगा भारत की जीवनरेखा और आस्था का प्रमुख केंद्र हैं। उनके दिव्य जल से मन स्वच्छ, आचरण पवित्र और भावनाएं शुद्ध होती हैं। वहीं माधव सिंह ने गंगा की स्वच्छता और संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
इस अवसर पर सत्यवीर सिंह यादव सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat