बदायूं। शहर के मदर एथीना स्कूल में शुक्रवार को कक्षा-1 से कक्षा-8 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘स्पेलैथॉन’ प्रतियोगिता के प्रथम चरण का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस शैक्षणिक प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा की शब्दावली का विस्तार करना, वर्तनी की शुद्धता (स्पेलिंग) में सुधार लाना तथा उनके भीतर आत्मविश्वास की भावना को बढ़ावा देना था।
प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए विद्यार्थियों को उनकी कक्षाओं के स्तर के अनुसार विभिन्न समूहों में विभाजित किया गया। इसमें सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न चरणों में विद्यार्थियों के कठिन अंग्रेजी शब्दों की वर्तनी और शब्द-बोध से जुड़े ज्ञान का परीक्षण किया गया, जिसका बच्चों ने बेहद सटीकता और आत्मविश्वास के साथ उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस प्रथम चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित विद्यार्थी अब ‘स्पेलैथॉन’ की फाइनल प्रतियोगिता में अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका चयनिका सारस्वत ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की सह-शैक्षणिक गतिविधियाँ बच्चों के बौद्धिक विकास और भाषाई कौशल को निखारने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय द्वारा समय-समय पर ऐसी ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।
Budaun Amarprabhat