वंदना सत्र से ही विद्यालय गतिविधि पता चलती है : हरिशंकर
प्रदेश निरीक्षक हरवीर सिंह चाहर ने शिशुओं को दी श्रेष्ठ बनने की प्रेरणा, संस्कारयुक्त शिक्षा पर दिया जोर
बरेली सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग, बरेली में विद्या भारती ब्रज प्रदेश के संगठन मंत्री हरिशंकर जी एवं शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के प्रदेश निरीक्षक श्री हरवीर सिंह चाहर द्वारा औचक शैक्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों, शिक्षण व्यवस्था, अनुशासन एवं संस्कार आधारित शिक्षा का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय के शिशुओं से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें जीवन में श्रेष्ठ बनने, नियमित अध्ययन करने तथा अच्छे संस्कारों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
श्री चाहर ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। प्रत्येक विद्यार्थी में प्रतिभा और क्षमता होती है। आवश्यकता है कि आचार्य उस प्रतिभा को पहचानकर उसे उचित दिशा प्रदान करें। उन्होंने शिशुओं को परिश्रम, अनुशासन, स्वच्छता, समय पालन और माता-पिता एवं गुरुजनों के सम्मान का महत्व भी समझाया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की प्रातःकालीन वंदना में सहभागिता कर वंदना की व्यवस्था एवं उसकी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उनके साथ बरेली जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह पुंडीर भी रहे विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य रामकिशोर श्रीवास्तव ने पका पहनकर स्वागत किया इसके साथ ही विद्या भारती ब्रज प्रदेश के संगठन मंत्री माननीय हरिशंकर जी ने पूर्व छात्र परिषद की गतिविधियों, पूर्व छात्रों के विद्यालय से जुड़ाव तथा उनके माध्यम से संचालित सामाजिक एवं शैक्षिक कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने संस्कृति बोध परियोजना के अंतर्गत विद्यालय में होने वाली गतिविधियों और भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं जीवन मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के प्रयासों की भी जानकारी प्राप्त की साथ ही बंदना की व्यवस्था पर भी अपने आवश्यक सुझाव दिए ।
उन्होंने आचार्य परिवार से संवाद करते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ संस्कार, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का वातावरण बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। आचार्यों का व्यवहार और समर्पण ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं आचार्य परिवार ने विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों से उन्हें अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम की जानकारी विद्यालय के मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने दी।
Budaun Amarprabhat