कछला/कासगंज। मुख्य चौराहे पर वाहन का इंतजार कर रही महिला को दो अजनबियों ने चेकिंग का बहाना बनाकर सोने के कुंडल और पैंडल उतरवा लिए और रद्दी कागज थमा कर फरार हो गए। घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कासगंज जनपद के सोरों थाना क्षेत्र के नहर बरसुआ निवासी कमला देवी पत्नी नरेशपाल किसी दावत में शामिल होने के लिए उझानी क्षेत्र के अढ़ौली गांव जा रही थीं। कछला चौराहे पर वाहन का इंतजार कर रहीं थीं, तभी दो अजनबी उनके पास आए और चेकिंग का हवाला देकर उनके सोने के कुंडल और पैंडल उतरवा लिए।
ठगों ने महिला को एक लिफाफा देते हुए कहा कि इसे बाद में खोलना, और मौके से चलते बने। काफी समय बीतने के बाद भी कोई चेकिंग न होने पर महिला ने बैग से रूमाल में बंधा लिफाफा निकाला तो उसमें कागज की रद्दी निकली। तभी उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
सूचना पर कछला चौकी पुलिस चौराहे पर पहुँची, लेकिन तब तक ठग फरार हो चुके थे। पुलिस महिला को चौकी ले गई, तहरीर ली और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद महिला अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।
पुलिस अब ठगों की तलाश में जुटी हुई है।
– अमर प्रभात प्रतिनिधि
Budaun Amarprabhat