लखनऊ। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के प्रमुख शहरों में लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़कों और चौराहों पर बने अवैध टैक्सी स्टैंड को तत्काल हटवाया जाए, ताकि आम जनता को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
सीएम योगी ने कहा कि अनधिकृत रूप से खड़े वाहन और अव्यवस्थित टैक्सी स्टैंड शहरों में यातायात बाधित होने की बड़ी वजह हैं। इससे न केवल लोगों का समय बर्बाद होता है, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित होती है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यातायात व्यवस्था सुधारना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग, परिवहन विभाग और नगर निगम को आपसी समन्वय के साथ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहनों का संचालन केवल निर्धारित और वैध टैक्सी स्टैंड से ही सुनिश्चित किया जाए।
सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के शहरों में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे लोगों को रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिल सके। निर्देशों के बाद संबंधित विभागों ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
Budaun Amarprabhat