बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या पांच एवं वार्ड संख्या 23 में लंबे समय से व्याप्त गंदगी की समस्या को लेकर शुक्रवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर नगर पालिका के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और जल्द समस्या के समाधान की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि मोहल्ले में नियमित सफाई न होने के कारण चारों ओर गंदगी फैली हुई है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
वार्ड सभासद प्रखर माहेश्वरी ने बताया कि गंदगी की समस्या को लेकर नगर पालिका प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है। स्थानीय निवासियों द्वारा भी बार-बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पालिका प्रशासन की उदासीनता के चलते लोगों को मजबूरन सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर चंदन कुमार, सचिन तोमर, आकाश बाबू, सुंदर सिंह, अजय कुमार, उमेश चंद्र, सूरजपाल, प्रमोद कुमार, विनय कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat